भीलवाड़ा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में एक के बाद एक लूट की खौफनाक वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैलाने वाले लुटेरों के गिरोह का पारोली थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथी बाइक छोड़कर भागने में सफल रहे। इन बदमाशों ने न केवल गहने लूटे, बल्कि विरोध करने पर बुजुर्ग महिलाओं पर चाकू से वार किए और एक महिला के तो कान तक काट डाले।

खेत पर काम कर रही महिला को बनाया था निशाना

पारोली थाना सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार शाम को फलासेड गांव में 50 वर्षीय लाली देवी अपने खेत पर काम कर रही थीं। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार बदमाश वहां पहुंचे और महिला को जमीन पर पटक दिया। जब लाली देवी ने विरोध किया, तो दरिंदों ने चाकू से वार कर उन्हें जख्मी कर दिया और सोने की रामनामी व मांदलिया लूटकर फरार हो गए।

डायल 112 को टक्कर मारकर भागने का प्रयास और गिरफ्तारी

लूट के बाद भाग रहे बदमाशों ने पारोली थाने के पास पुलिस की डायल 112 गाड़ी को टक्कर मारकर निकलने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपितों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान चित्तौड़गढ़ जिले के बड़ीसादड़ी थाना अंतर्गत नलवाई निवासी भैंरू पुत्र घासी मोगिया और मंगलवाड़ निवासी गोवर्धन पुत्र लख्मीचंद मोगिया के रूप में हुई है, जिन्हें पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इनके दो अन्य साथी उदलियास इलाके में अपनी बाइक छोड़कर जंगलों में भाग निकले, जिनकी तलाश जारी है।

कोटड़ी में बुजुर्ग महिला के कान काटकर की लूट

पकड़े गए बदमाशों ने स्वीकार किया कि पारोली की घटना से ठीक पहले उन्होंने कोटड़ी थाना क्षेत्र के जेतपुरा मोड़ पर 55 वर्षीय कमला देवी अहीर को निशाना बनाया था। इन बेरहम लुटेरों ने चाकू से कमला देवी के कान काट दिए और उनके सोने के टोप्स व मांदलिया छीनकर फरार हो गए थे।

आधा दर्जन वारदातों का खुलासा और चित्तौड़गढ़ तक फैला नेटवर्क

पारोली थाना कार्यवाहक प्रभारी रामेश्वरलाल मीणा ने बताया कि "पूछताछ में आरोपियों ने भीलवाड़ा के पारोली, कोटड़ी, शक्करगढ़ और चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा क्षेत्र में करीब आधा दर्जन लूट की वारदातें करना स्वीकार किया है।" फरार दोनों आरोपी भी चित्तौड़गढ़ जिले के ही निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों की बाइक जब्त कर ली है और फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें भेजी गई हैं। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान कई और बड़ी वारदातों का खुलासा हो सकेगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story