भीलवाड़ा में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। वर्ष 2026-27 की जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) श्रीमती प्रतिभा देवठिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थानों पर स्थायी सुधार, अवैध कट बंद करने, अतिक्रमण हटाने, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के सदस्य सचिव एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता राजीव जैन ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) एवं राज्य राजमार्ग (एसएच) पर स्थित सभी अवैध कट बंद करने तथा इस संबंध में संयुक्त जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कोठारी नदी स्थित भदाली खेड़ा पुलिया पर बने ब्लैक स्पॉट का स्थायी सुधार करने और रामस्नेही अस्पताल के सामने स्थित अवैध कट बंद करने के लिए नगर विकास न्यास को निर्देशित किया गया।

गंगापुर तिराया से आरटीओ ऑफिस पुर रोड तक सड़क पर बने स्पीड ब्रेकरों का सुधारीकरण करने के लिए नगर निगम, नगर विकास न्यास और अधिशाषी अभियन्ता, सार्वजनिक निर्माण विभाग खण्ड भीलवाड़ा को निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यों की अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

जिले के सभी एनएचएआई क्षेत्रों में राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) के अंदर संचालित अवैध शराब की दुकानों को हटाने के लिए संयुक्त सर्वे करने तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश आबकारी विभाग को दिए गए। वहीं, शहर के विभिन्न स्कूलों, मंदिरों, सामुदायिक भवनों और मैरिज गार्डन के आसपास की सड़कों एवं चौराहों पर जेबरा क्रॉसिंग, रंबल स्ट्रिप और लाइनिंग का कार्य कराने, चौराहों का विकास करने तथा रंग-रोगन एवं सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शहर की सभी सड़कों पर दीपावली से पूर्व जंगल सफाई, पेच रिपेयर और व्हाइट लाइन का कार्य पूरा कराने को भी कहा गया।

एनएच-758 पर स्थित कोटड़ी चौराहे पर पानी की पाइप लाइन से हो रहे रिसाव को बंद करने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) को निर्देशित किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर चिह्नित 23 ब्लैक स्पॉट और शहरी क्षेत्र के 9 ब्लैक स्पॉट का स्थायी सुधारीकरण करने के निर्देश दिए गए। एनएच के सभी अंडरपास के दोनों तरफ सर्विस रोड पर स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप और मिरर लगाने को कहा गया, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

बैठक में विद्यार्थियों और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। इसके लिए ट्रैफिक पार्क में छात्र-छात्राओं एवं आमजन को यातायात नियमों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। 18 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राओं के विद्यालय परिसर में वाहन लाने पर चालान बनाने तथा अभिभावकों के साथ बैठक आयोजित कर समझाइश करने को कहा गया। सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के संस्था प्रधानों को निर्देश दिए गए कि विद्यालयों में संचालित वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाया जाए।

गुड सेमेरिटन योजना का प्रचार-प्रसार करने के लिए शहर के व्यस्ततम चौराहों, सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और दुर्घटना संभावित स्थानों पर बैनर-पोस्टर लगाने के निर्देश दिए गए। इस योजना के तहत 25,000 रुपये का पुरस्कार देय होने की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी प्रचार करने को कहा गया। वहीं, घायल मरीजों के उपचार के लिए राहवीर योजना में प्रस्ताव भिजवाने के संबंध में सभी चिकित्सालयों एवं एनएच को निर्देशित करवाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई। पुलिस विभाग को iRAD सॉफ्टवेयर पर दर्ज प्रविष्टियों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।

जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने और विपरीत दिशा से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके लिए NHAI और RSRDC के साथ समन्वय स्थापित कर वाहन चालकों को समझाइश देने, चालान बनाने, चालकों के लाइसेंस निलंबित करने और लगातार पेट्रोलिंग करने को कहा गया। पेट्रोलिंग में लगाए गए वाहनों की संख्या और उससे संबंधित प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत करनी होगी।

टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों के साथ ही जिले में संचालित और खनिज क्षेत्रों में चल रहे ट्रैक्टर, ट्रॉलियों, अर्थमूवर्स एवं अन्य वाहनों पर अधिक से अधिक रिफ्लेक्टर टेप लगाने के निर्देश दिए गए। सर्द ऋतु में कोहरे को ध्यान में रखते हुए जिला परिवहन विभाग और नगर निगम को 15 दिवस का विशेष कैंप लगाने के लिए कहा गया।

शहर की सड़कों से निराश्रित पशुओं को सरकारी काइन हाउस और आवारा स्वानों को डॉग शेल्टर में पहुंचाने के निर्देश दिए गए। चौराहों पर अस्थायी एवं स्थायी दुकानदारों द्वारा किए गए सड़क अतिक्रमण हटाने और चौराहों का सौंदर्यीकरण करने को कहा गया। शिवाजी गार्डन पर ट्रांसफार्मर लगाने तथा बडला चौराहे से मंगलपाण्डे सर्किल तक अतिक्रमण एवं थड़ियां हटाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा शहर में तेज गति से वाहन चलाने और स्टंट करने वाले लोगों के खिलाफ पाबंदी लगाने को कहा गया।

बैठक में ओवरलोड परिवहन पर भी सख्ती के निर्देश दिए गए। अधिकृत क्षमता से ज्यादा भार लेकर चलने वाले वाहनों और सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालकों के लाइसेंस निरस्त करने को कहा गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की संख्या बढ़ाने तथा जिले में प्रवेश करने वाले ओवरलोड वाहनों के लिए समय निर्धारण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में लिए गए इन निर्णयों के तहत हाईवे और शहरी सड़कों पर ब्लैक स्पॉट के स्थायी सुधार से लेकर अतिक्रमण हटाने, वाहन चालकों पर कार्रवाई, रिफ्लेक्टर लगाने और यातायात जागरूकता अभियान तक विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इन निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को कार्रवाई के साथ प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story