भीलवाड़ा में अलग-अलग सड़क हादसों में एक की मौत, 10 लोग घायल
भीलवाड़ा के शाहपुरा व फूलियाकलां थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हुए, पुलिस जांच में जुटी।

शाहपुरा क्षेत्र में पलटी स्कॉर्पियो कार, हादसे में घायल श्रद्धालुओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भीलवाड़ा जिले में सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों ने एक ग्रामीण की जान ले ली, जबकि मध्य प्रदेश के एक ही परिवार के छह सदस्यों सहित कुल 10 लोग घायल हो गए। हादसों में ट्रैक्टर की टक्कर से पैदल खेत की ओर जा रहे 38 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। वहीं, राज्यास-पनोतिया मार्ग पर एक स्कॉर्पियो पलटने से परिवार के छह लोग घायल हो गए। शाहपुरा थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार और बच्चों को बचाने के प्रयास में पिकअप पलट गई, जिसमें चार लोग घायल हुए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि पुलिस ने हादसों के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
राज्यास-नाथड़ियास मार्ग पर ट्रैक्टर की टक्कर से ग्रामीण की मौत
फूलियाकलां थाने के सहायक उप निरीक्षक टोडरमल ने बताया कि नई राज्यास गांव निवासी महावीर (38) पुत्र गुलाब बावरी सोमवार दोपहर पैदल अपने खेत की तरफ जा रहा था। इसी दौरान राज्यास-नाथड़ियास मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महावीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल शाहपुरा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भाई भागचंद बावरी की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक शिवराज गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
राज्यास-पनोतिया के बीच स्कॉर्पियो पलटी, एक ही परिवार के छह लोग घायल
इसी थाना सर्किल में सोमवार तड़के दूसरा सड़क हादसा हुआ। सहायक उप निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के निवासी भैयालाल गुर्जर अपने परिवार के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से देवमाली दर्शन के लिए जा रहे थे। राज्यास और पनोतिया के बीच अचानक स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पलट गई।
हादसे में वाहन में सवार परिवार के सभी छह सदस्य चोटिल हो गए। घायल परिवार के सदस्य प्राथमिक उपचार के लिए खुद अस्पताल पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शाहपुरा में स्कूटी सवार और बच्चों को बचाने में पलटी पिकअप, चार घायल
शाहपुरा थाना क्षेत्र के अरनिया घोड़ा गांव के नजदीक भी सोमवार को सड़क हादसा हुआ। सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति अपनी स्कूटी पर तीन बच्चों को बैठाकर ले जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप स्कूटी सवार और बच्चों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई।
इस हादसे में पिकअप में सवार मध्य प्रदेश के दमोह जिले के कुटरी निवासी प्रकाश (50) पुत्र नाथूराम प्रजापति, खुशबू (26) पत्नी संजय प्रजापति, 18 माह की खुशी पुत्री संजय प्रजापति और नसीराबाद (सरदारपुरा) निवासी कालू सिंह (42) पुत्र प्रभुसिंह रावत घायल हो गए।
सभी घायलों को शाहपुरा अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अन्यत्र रेफर कर दिया। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए इन हादसों के बाद पुलिस दुर्घटनाओं के कारणों की गहराई से पड़ताल कर रही है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
