भीलवाड़ा: बजरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से शिक्षक की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम
नाथडीयास गांव के पास सड़क हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी।

तस्वीर में पुलिसकर्मी और ग्रामीण सड़क किनारे एकत्र होकर बातचीत करते दिख रहे हैं।
भीलवाड़ा। रायपुर थाना क्षेत्र के नाथडीयास गांव के बाहर मंगलवार सुबह बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार शिक्षक प्रभु सिंह (53) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहा दुकानदार घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
जोगरास निवासी प्रभु सिंह पुत्र गिरधारी सिंह राजपूत पनोतिया स्कूल में शिक्षक थे। वह मंगलवार सुबह स्कूल जाने के लिए एक दुकानदार की बाइक पर लिफ्ट लेकर निकले थे। नाथडीयास गांव के बाहर बजरी परिवहन कर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रभु सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा दुकानदार घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रभु सिंह के गांव और परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को आर्थिक मुआवजा, सरकारी नौकरी और अन्य मांगें पूरी करने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा।
सूचना पर गंगापुर डीएसपी और रायपुर थाना अधिकारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों से समझाइश की। वहीं पुलिस ने फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की जांच भी की जा रही है।
प्रभु सिंह बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। उनके निधन से परिवार गहरे दुख में है और ग्रामीणों के आक्रोश के बीच अब फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश और हादसे की जांच पर पुलिस की कार्रवाई टिकी है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
