भीलवाड़ा: शाहपुरा में टैंकर और बाइक की टक्कर, दो युवकों की मौत
शाहपुरा-जहाजपुर मार्ग पर आमली गांव के पास तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को मारी टक्कर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगे रिश्तेदार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार टैंकर और बाइक के बीच हुई सीधी भिड़ंत ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए।
शाहपुरा थाने के हेड कांस्टेबल पांचू लाल ने बताया कि कजोड़िया निवासी छोटू लाल (18) पुत्र नोरत भील तथा आमली बारेठ निवासी गंगाराम (18) पुत्र रामधन भील बाइक से किसी कार्य के लिए जा रहे थे। दोनों की उम्र मात्र 18 वर्ष थी।
जानकारी के अनुसार, शाहपुरा-जहाजपुर मार्ग पर स्थित आमली गांव के पास जहाजपुर से शाहपुरा की ओर आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने सामने से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों को संभलने का अवसर नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत शवों को कब्जे में लेकर शाहपुरा अस्पताल पहुंचाया गया। जैसे ही घटना की जानकारी दोनों युवकों के गांवों में पहुंची, वहां शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल परिसर में परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इसके बाद दोनों गांवों में शोक के चलते चूल्हे तक नहीं जले और हर ओर शोक का वातावरण बना रहा।
पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है तथा चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर शाहपुरा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की स्थिति पर गंभीर सवाल छोड़ गया है, जिसमें दो युवा जिंदगियों का असमय अंत हो गया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
