भीलवाड़ा जिले में सोमवार का दिन हादसों और पुलिसिया कार्रवाई के नाम रहा, जहां एक ओर पांसल के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई, वहीं रायपुर क्षेत्र के जंगलों में लगी भीषण आग ने वन संपदा को भारी नुकसान पहुँचाया। इसी बीच, पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने मांडल क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को धर दबोचा।

पांसल बाइपास पर खड़ा ट्रक बना काल, गुजरात के परिवार के साथ हादसा

भीलवाड़ा बाइपास पर स्थित पांसल गांव में हाईवे पर खड़े एक ट्रक से तेज रफ्तार कार जा भिड़ी। इस भीषण टक्कर में कार सवार गुजरात के एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, बेटा-बहू और मासूम पौती गंभीर रूप से घायल हो गए। पुर थाने के हेडकांस्टेबल रामचंद्र ने बताया कि गुजरात के वडोदरा के गरासिया वार्ड निवासी चंद्रसिंह राणा, अपनी पत्नी जरीना, बेटे आइबाज, पुत्रवधु किरण और चार साल की पौती के साथ अजमेर से गुजरात की ओर जा रहे थे। सोमवार शाम पांसल गढ़ के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में चंद्रसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के बाकी चारों सदस्यों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना पर एएसआई कैलाशचंद्र मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और शव को मोर्चरी भिजवाया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

रायपुर के ढिकाणी जंगल में लगी भीषण आग, 20 बीघा क्षेत्र प्रभावित

जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के ढिकाणी गांव के जंगल में सोमवार दोपहर अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। हवा के प्रभाव से आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते करीब 20 बीघा क्षेत्र में फैल गई, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। रायपुर थाने के दीवान भवानीसिंह के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। तत्काल गंगापुर से दमकल बुलाई गई, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए वह नाकाफी साबित हुई, जिसके बाद जिला मुख्यालय से अतिरिक्त दमकलें बुलाई गईं। देर रात तक जंगल में आग की लपटें उठ रही थीं, जिससे भारी मात्रा में घास और पेड़-पौधे जलकर राख हो गए। पुलिस और स्थानीय ग्रामीण अभी भी आग पर पूरी तरह काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।

एएनटीएफ और मांडल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत एएनटीएफ और मांडल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। एएनटीएफ टीम भीलवाड़ा को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से चित्तौड़गढ़ से मांडल होते हुए जैतारण की ओर अफीम की खेप ले जा रहा है। इस पर टीम ने मांडल के कटार चौराहे पर सादा वस्त्रों में निगरानी शुरू की। हुलिए के आधार पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार का पीछा कर उसे घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी रामपाल भील (26) पुत्र राजुलाल भील, निवासी संग्राम पुरा, चित्तौड़गढ़ के पास से 1 किलो 740 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पूछताछ के दौरान "आरोपित ने खुद को संग्राम पुरा, तहसील बस्सी, चित्तौड़गढ़ का निवासी बताया है।" पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है और इस कार्रवाई में एएसआई अयुब खां व उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story