भीलवाड़ा: कोठारी नदी पुलिया पर भीषण सड़क हादसा, कोहरे के कारण भिड़े वाहन, 3 की मौत
मांडल थाना क्षेत्र में घने कोहरे के कारण आधा दर्जन वाहन आपस में टकराए, हादसे में तीन चालकों की जान गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल।

भीलवाड़ा के मांडल में कोठारी नदी पुलिया पर शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाती पुलिस और क्रेन।
भीलवाड़ा। घने कोहरे ने शुक्रवार सुबह एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग को मौत का रास्ता बना दिया। मांडल थाना क्षेत्र में कोठारी नदी की पुलिया पर अचानक हुए भीषण हादसे में करीब आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। चंद पलों में सडक़ चीख पुकार और मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
हादसे का मंजर और कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह अंधेरे और घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। वाहन चालकों को सामने कुछ नजर नहीं आ रहा था। इसी दौरान एक वाहन के अचानक रुकने से पीछे आ रहे अन्य वाहन उससे टकराते चले गए और देखते ही देखते कई गाडिय़ां पुलिया पर आपस में भिड़ गईं। एक कार बुरी तरह पिचक गई, जबकि ट्रक और ट्रेलर बूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कई लोग वाहनों में फंस गए और मदद के लिए चीखने लगे।
ग्रामीणों और राहगीरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर शीशे तोडक़र घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तीन जिंदगियों को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।
पुलिस कार्रवाई और आधिकारिक बयान
मांडल थाने के सहायक उप निरीक्षक कैलाशचंद्र धाबाई ने बताया कि:
"जिले में पिछले दो दिनों से घना कोहरा छाया हुआ है। शुक्रवार सुबह कोठारी नदी पुलिया पर एक के बाद एक वाहन टकरा गए। शुरुआती हादसे में ट्रेलर चालक माताजी का खेड़ा भिनाय निवासी पोलू पुत्र करणा रावत की मौत हो गई। इसके बाद जब अन्य वाहन चालक और स्टाफ घायलों को बचाने नीचे उतरे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया।"
मृतकों एवं घायलों का विवरण
मृतक:
- पोलू पुत्र करणा रावत: ट्रेलर चालक, निवासी माताजी का खेड़ा भिनाय।
- सुनील पुत्र खेमराज कुमावत: मिनी बस चालक, निवासी थाणा मुंबई (घायलों की मदद के लिए बस से उतरते ही हादसे का शिकार हुआ)।
- राकेश पुत्र राजाराम बैरवा: ट्रक चालक, निवासी पाडला कैथल हरियाणा।
घायल:
- गंगादेवी गुर्जर और नीलम गुर्जर (निवासी चित्तौडग़ढ़)।
- तकसीर अहमद खतीक अहमद और जाहिर अली (निवासी शीशगढ़ उत्तर प्रदेश)।
- इन सभी का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि कुछ अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक मुस्तैदी
हादसे के बाद चित्तौडग़ढ़ अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। चारों ओर अफरा तफरी का माहौल रहा। जाम इतना भीषण था कि 108 एंबुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी परेशानी हुई। स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे की सूचना मिलते ही मांडल डीएसपी राहुल जोशी, थाना पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया और घंटों की मशक्कत के बाद यातायात सुचारु कराया जा सका। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू और पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से बातचीत कर उनकी स्थिति जानी और चिकित्सकों को समुचित इलाज के निर्देश दिए।
प्रशासन की अपील
लगातार बढ़ते कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि:
"रात और सुबह के समय बेहद सतर्क रहें, गति सीमित रखें, फॉग लाइट का प्रयोग करें और सुरक्षित दूरी बनाकर चलें।"

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
