भीलवाड़ा: नेशनल हाईवे-48 पर सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों और आरोपी की मौत
चित्तौड़गढ़ जीआरपी के हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल बाइक चोरी के आरोपी को लेकर जा रहे थे, तभी मांडल चौराहे के पास ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

भीलवाड़ा के मांडल चौराहे पर हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले जीआरपी हेड कॉन्स्टेबल लेखराज बागड़ी (बाएं), कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार जाट (मध्य) और आरोपी छोटू भील (दाएं)।
नेशनल हाईवे-48 पर मांडल चौराहे के पास शुक्रवार सुबह हुए भीषण सडक़ हादसे ने पुलिस महकमे समेत पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर में Government Railway Police के हेड कॉन्स्टेबल, एक कॉन्स्टेबल और बाइक चोरी के आरोपी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद मोटरसाइकिल काफी दूर तक ट्रक के साथ घिसटती चली गई और दोनों पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चित्तौडग़ढ़ जीआरपी थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल लेखराज बागड़ी (55) निवासी किशनगढ़ और कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार जाट (48) आरोपी छोटू भील (40) को हिरासत में लेकर मांडल से भीलवाड़ा की ओर जा रहे थे। बताया गया कि बड़ा वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण दोनों पुलिसकर्मी आरोपी को मोटरसाइकिल पर ही लेकर जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे जैसे ही उनकी बाइक मांडल चौराहे के पास पहुंची, तभी एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में हेड कॉन्स्टेबल लेखराज बागड़ी और कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार जाट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चोरी का आरोपी छोटू भील गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायल छोटू भील को पहले मांडल उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे-48 पर करीब आधे घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर यातायात सुचारू कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार बेहद तेज थी और टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के साथ कुछ दूरी तक घिसटती चली गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को कुछ दूरी पर खड़ा कर मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
इस हादसे ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था, आरोपियों की आवाजाही के दौरान संसाधनों की उपलब्धता और नेशनल हाईवे पर बेलगाम रफ्तार से दौड़ते भारी वाहनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
