भीलवाड़ा: बजरी ट्रैक्टर की टक्कर से शिक्षक की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
नाथड़ियास-पनोतिया मार्ग पर बजरी से भरे ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में शिक्षक प्रभु सिंह की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की।

तस्वीर में भीलवाड़ा के नाथड़ियास-पनोतिया मार्ग पर हादसे के बाद घटनास्थल पर एकत्र हुए ग्रामीण और मौजूद पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं।
गंगापुर-भीलवाड़ा। रायपुर क्षेत्र में बजरी परिवहन के दौरान एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। नाथड़ियास-पनोतिया रोड पर ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर में बाइक के पीछे बैठे प्रभु सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक प्रभु सिंह सरकारी शिक्षक थे।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बजरी से भरे ट्रैक्टरों की आवाजाही लगातार जारी है और तेज गति से दौड़ते इन वाहनों के कारण सड़क पर हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों के अनुसार बजरी परिवहन को लेकर पूर्व में भी शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से हालात गंभीर बने हुए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। हादसे के बाद गंगापुर पुलिस डीएसपी सुदर्शन पालीवाल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की।
ग्रामीणों ने बजरी परिवहन की निगरानी बढ़ाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हादसे के बाद ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और स्थानीय विधायक से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने की मांग भी की है।
इसके साथ ही क्षेत्र में बजरी परिवहन की जांच कराने, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई गई है। फिलहाल हादसे के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

