भीलवाड़ा जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। काछोला थाना इलाके में एक 31 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, वहीं शाहपुरा क्षेत्र में मिंडोलिया चौराहे पर दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में 70 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।

एमजीएच चौकी सूत्रों के अनुसार, काछोला थाना क्षेत्र की उर्मिला (31) की घर पर अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण काछोला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उधर, शाहपुरा थाना इलाके के मिंडोलिया चौराहे पर गुरुवार दोपहर दो बाइकों की सीधी भिड़ंत ने एक परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। सहायक उप निरीक्षक जगदीश ने बताया कि अरनिया रासा निवासी 70 वर्षीय राधेश्याम पारीक अपनी मां पार्वती (90) के साथ बाइक से भीलवाड़ा जा रहे थे। इसी दौरान चौराहे के मोड़ पर सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि राधेश्याम सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उनकी मां पार्वती गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत शाहपुरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए भीलवाड़ा रैफर कर दिया गया।

हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मिंडोलिया चौराहे पर बार-बार हो रही दुर्घटनाओं पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि इस टर्न पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि यहां तुरंत स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

सूचना पर पहुंची शाहपुरा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक राधेश्याम के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के लिए जिम्मेदार बाइक चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। दोनों घटनाओं ने जिले में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story