भीलवाड़ा सड़क हादसा: चित्तौड़गढ़ मार्ग पर बस की टक्कर से बाइक सवार पत्नी की मौत, पति घायल
गुलजार नगर निवासी दंपती रिश्तेदारी में निकाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी गुवारड़ी क्षेत्र में फैक्ट्री से अनुबंधित बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

भीलवाड़ा में रिश्तेदारी में निकाह समारोह में शामिल होने जा रहे दंपती का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। चित्तौड़गढ़ मार्ग पर गुवारड़ी क्षेत्र में फैक्ट्री से अनुबंधित एक बस ने बुलेट बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गया। पत्नी ने उदयपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
मंडपिया चौकी प्रभारी मुकेश सैनी के अनुसार गुलजार नगर निवासी हुसैन शाह (37) पुत्र रोशन शाह बुधवार को अपनी पत्नी प्रवीन बानो (35) के साथ बुलेट बाइक से चित्तौड़गढ़ के लिए रवाना हुए थे। दोनों को वहां रिश्तेदारी में आयोजित निकाह समारोह में शामिल होना था।
दंपती गुवारड़ी क्षेत्र में पहुंचे ही थे कि इसी दौरान फैक्ट्री से अनुबंधित एक बस ने उनकी बुलेट बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रवीन बानो की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन प्रवीन बानो का शव वापस जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे में घायल हुसैन शाह का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। जिस घर से पति-पत्नी निकाह समारोह की खुशियों में शामिल होने के लिए निकले थे, वहां अब प्रवीन बानो की मौत से शोक छाया हुआ है। एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया और परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
