भीलवाड़ा में बुधवार को दो अलग-अलग मामलों ने सुर्खियां बटोरीं। भीलवाड़ा-राजसमंद हाईवे पर नौगांवा चौराहे के पास कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की जान चली गई। वहीं, चेक बाउंस के मामले में न्यायालय ने आरोपी को 18 माह के साधारण कारावास और 11 लाख रुपए प्रतिकर देने की सजा सुनाई है।

नौगांवा चौराहे पर कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत

भीलवाड़ा-राजसमंद हाईवे पर नौगांवा चौराहे के पास बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। कार की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

एमजीएच चौकी के राजेश मीणा ने बताया कि रामाखेड़ा निवासी सुरेश (35) पुत्र कालू ओड बुधवार को बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान नौगांवा चौराहे के पास एक कार ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि सुरेश घायल हो गया।

हादसे के बाद घायल सुरेश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

चेक बाउंस मामले में आरोपी को 18 माह का कारावास, 11 लाख रुपए प्रतिकर का आदेश

भीलवाड़ा न्यायालय ने चेक बाउंस के एक मामले में फैसला सुनाते हुए आरोपी महावीर प्रसाद धाकड़ को 18 माह के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने आरोपी को परिवादी को 11 लाख रुपए प्रतिकर के रूप में अदा करने का आदेश भी दिया है। निर्धारित राशि जमा नहीं कराने पर आरोपी को छह माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम आमा, तहसील कोटड़ी निवासी जगदीश चन्द्र ओझा पुत्र हजारी लाल ओझा ने ग्राम भगुनगर, थाना काछोला निवासी महावीर प्रसाद धाकड़ पुत्र खानाजी धाकड़ के खिलाफ चेक अनादरण का परिवाद न्यायालय में पेश किया था।

प्रकरण की सुनवाई विशिष्ट न्यायिक मजिस्ट्रेट, एनआई एक्ट संख्या-04, भीलवाड़ा की अदालत में हुई। न्यायालय ने मामले में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद महावीर प्रसाद धाकड़ को परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत दोषसिद्ध घोषित किया।

इसके बाद न्यायालय ने आरोपी को 18 माह के साधारण कारावास से दंडित करते हुए परिवादी जगदीश चन्द्र ओझा को 11 लाख रुपए प्रतिकर देने का आदेश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि प्रतिकर राशि जमा नहीं कराने की स्थिति में आरोपी को छह माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।

इस मामले में अधिवक्ता अभिमन्यु जोशी और प्रताप तेली ने परिवादी की ओर से पैरवी की, जिसके बाद न्यायालय के फैसले से परिवादी को न्याय मिला।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story