भीलवाड़ा। ब्यावर-भीलवाड़ा मार्ग पर बार और बदनौर थानों के बीच बीती देर रात एक ट्रेलर और वैन की भीषण भिड़ंत हो गई, जिसमें गलत दिशा से आए डस्ट भरे ट्रेलर ने वैन को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वैन पूरी तरह पिचक गई। इस हादसे में वैन सवार होटल संचालक सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

गलत दिशा से काल बनकर आया ट्रेलर

ब्यावर जिले के बार पुलिस स्टेशन के हेडकांस्टेबल प्रवीण कुमार के अनुसार, भीलवाड़ा जिले के कांवलास निवासी परसराम (55) पुत्र बालूदास वैष्णव की शेखावास चौराहे पर होटल है। शुक्रवार रात वे अपने होटलकर्मी सुरेश (29) पुत्र नंदा तेली (निवासी लाछूडा) और एक अन्य युवक कैलाश के साथ वैन से बदनौर की ओर जा रहे थे। रास्ते में बार थाना इलाके में सामने से रॉन्ग साइड से आए ट्रेलर ने वैन को अपनी चपेट में ले लिया।

साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव

हादसा इतना भयावह था कि वैन में आगे की सीट पर सवार सुरेश तेली ट्रेलर के टायर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आगे की सीट पर बैठे परसराम और बीच की सीट पर बैठे कैलाश बुरी तरह फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद परसराम और कैलाश को बाहर निकाला, लेकिन तब तक परसराम की सांसें थम चुकी थीं। घायल कैलाश को तुरंत ब्यावर अस्पताल भेजा गया। ट्रेलर के नीचे दबे सुरेश के शव को निकालने के लिए दो लोडर और जेसीबी की मदद ली गई। करीब साढ़े चार घंटे की मेहनत के बाद सुबह साढ़े सात बजे शव को बाहर निकाला जा सका।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, मामला दर्ज

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के गांवों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को राजकीय अस्पताल बार की मोर्चरी पहुंचाया, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव उन्हें सौंप दिए गए। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कार की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत, युवक घायल

भीलवाड़ा जिले के बीगोद थाना क्षेत्र में एक अन्य दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की जान चली गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक पर पीछे बैठा किशोर उछलकर सड़क पर जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा युवक भी इस हादसे में चोटिल हुआ है।

पेट्रोल भरवाने जाते समय पीछे से मारी टक्कर

बीगोद थाने के दीवान सतपाल ने बताया कि "सिंगोली चारभुजा निवासी कालू पुत्र हजारी रैगर, अपने ही गांव के राधेश्याम (14) पुत्र कैलाशचंद्र रैगर को साथ लेकर शुक्रवार सुबह बाइक में पेट्रोल भरवाने बरुंदनी रोड स्थित पंप पर जा रहा था। रास्ते में पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।"

अस्पताल में किशोर ने तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के पीछे बैठा राधेश्याम हवा में उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। वहीं, चालक कालू भी घायल हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद राधेश्याम को मृत घोषित कर दिया। घायल कालू को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

परिजनों में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मासूम राधेश्याम की मौत की खबर जैसे ही सिंगोली चारभुजा गांव पहुंची, वहां मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story