जिले में जेठ की तपिश ने अपना रौद्र रूप दिखाते हुए जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सूर्यदेव के तीखे तेवरों के कारण एक ही दिन में इस सीजन का सबसे भीषण और गर्म दिन दर्ज किया गया, जिससे भीलवाड़ा में तापमान ने अब तक के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। सुबह से ही तेज धूप और लू का प्रकोप शुरू हो गया, जो दोपहर तक अंगारों जैसी तपिश में बदल गया। आसमान से बरसती आग और सड़कों से उठती गर्मी के चलते दोपहर के समय बाजारों में अघोषित कर्फ्यू जैसा दृश्य उत्पन्न हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार भीलवाड़ा में पारे ने इस सीजन के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। केवल दिन ही नहीं, बल्कि अब रातें भी असहनीय गर्मी से झुलसाने लगी हैं। न्यूनतम तापमान में भारी वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे रात के समय भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। उमस और तेज तपन के कारण मकानों की दीवारें और छतें भट्टी की तरह तप रही हैं, जिससे पंखे और कूलर भी गर्म हवा उगल रहे हैं।

भीषण गर्मी के चलते शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और मुख्य बाजार पूरी तरह सुनसान नजर आए। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अलग-अलग दृश्य देखने को मिले, जहां एक ओर शहर में सन्नाटा था, वहीं ग्रामीण इलाकों में बच्चे खेतों और बगीचों में सिंचाई के पाइपों से बहते ठंडे पानी में डुबकियां लगाकर राहत पाने की कोशिश करते नजर आए। कई स्थानों पर बच्चों ने बड़े प्लास्टिक टबों में पानी भरकर गर्मी से बचने का देसी जुगाड़ अपनाया।

गर्मी से राहत पाने के लिए लोग गन्ने के रस, छाछ, राबड़ी और शिकंजी जैसे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। लोग चेहरे को स्कार्फ, हेलमेट और सूती कपड़ों से पूरी तरह ढककर ही बाहर निकल रहे हैं। केवल इंसान ही नहीं, बल्कि बेजुबान पशु-पक्षी भी इस भीषण ताप से बेहाल हैं और छांव तथा पानी के बर्तनों के आसपास मंडराते दिखाई दे रहे हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों तक गर्मी के तेवर इसी तरह तीखे बने रहने की संभावना है और तापमान में और वृद्धि हो सकती है। फिलहाल भीलवाड़ा वासियों को इस झुलसाने वाली गर्मी से किसी प्रकार की तत्काल राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे जनजीवन पर इसका व्यापक प्रभाव जारी रहने की स्थिति बनी हुई है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story