भीलवाड़ा, 18 जुलाई। अन्तरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा के पीठाधीश्वर जगतगुरु आचार्य स्वामी श्रीरामदयालजी महाराज वर्ष 2026 के पावन ‘‘विश्व शांति कल्याण’’ चातुर्मास के लिए रविवार को भीलवाड़ा की पावन धरा पर पधार रहे हैं। अपने आचार्यवत काल के 33 चातुर्मास में से पांचवीं बार भीलवाड़ा में चातुर्मास करने जा रहे आचार्यश्री का आगमन मंगलमय पधरावणी के साथ होगा।

भीलवाड़ा के माणिक्यनगर रामद्वारा में आयोजित होने वाले चातुर्मास को लेकर सर्व समाज के श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण है। भीलवाड़ावासी आचार्य श्री के स्वागत और अभिनंदन के लिए आतुर हैं। विश्व शांति कल्याण चातुर्मास समिति के तत्वावधान में रविवार को भव्य शोभायात्रा के साथ चातुर्मास का शुभारंभ किया जाएगा।

आचार्यश्री की चातुर्मासिक मंगलमय पधरावणी (प्रवेश) 19 जुलाई को सुबह 8.30 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ होगी। शोभायात्रा प्रारंभ होने से पहले आचार्यश्री की चातुर्मास के लिए भावपूर्ण अगवानी की जाएगी। इसके बाद स्टेशन चौराहे पर शंखनाद के साथ वैदिक मंत्रोच्चार द्वारा मंगलाचरण किया जाएगा। सर्व समाज के श्रद्धालुओं की ओर से 108 थालियों के साथ आचार्य श्रीरामदयालजी महाराज की महाआरती की जाएगी। इसके उपरांत विधिवत रूप से शोभायात्रा प्रारंभ होगी।

शोभायात्रा में सबसे आगे हाथी, घोड़े, ऊंट, छत्र-चंवर और शाही लवाजमा रहेगा। शोभायात्रा मार्ग पर 108 स्वागत द्वार बनाए गए हैं। मार्ग में रामस्नेही भक्तजन स्थान-स्थान पर आचार्य श्री का पूजन-अर्चन और आरती करेंगे। ड्रोन से पुष्पवर्षा तथा महाकाल आरती की प्रस्तुति देने वाला दल शोभायात्रा के विशेष आकर्षण होंगे। पूरे मार्ग पर स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर आकर्षक रंगोलियां भी सजाई जाएंगी।

शोभायात्रा रेलवे स्टेशन रोड स्थित गजाधर मानसिंहका धर्मशाला से प्रारंभ होकर सरकारी दरवाजा, गोल प्याऊ, बालाजी मार्केट, सूचना केन्द्र चौराहा, गांधी बाजार, भीमगंज थाना चौराहा, माणिक्यनगर सहित प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रामद्वारा पहुंचेगी, जहां धर्मसभा के साथ इसका समापन होगा।

देशभर से रामस्नेही सम्प्रदाय के श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल होंगे। शोभायात्रा मार्ग पर जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए गए हैं तथा शहर के विभिन्न स्थानों पर आचार्यश्री के अभिनंदन के होर्डिंग और बैनर भी लगाए गए हैं। चातुर्मास के दौरान आचार्यश्री रामदयालजी महाराज के सानिध्य में धर्म एवं सनातन संस्कृति की अविरल धारा प्रवाहित होगी तथा भक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

इससे पूर्व शनिवार को आयोजन समिति रामनिवास धाम, शाहपुरा पहुंची, जहां आचार्य श्री की चातुर्मासिक रामत की आरती एवं रसोई (प्रसादी) की परंपरा का निर्वहन किया गया। इस अवसर पर आयोजक परिवारों के सदस्यों के साथ ही सैकड़ों भक्तों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। विश्व शांति कल्याण चातुर्मास के शुभारंभ को लेकर भीलवाड़ा में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story