गंगापुर, भीलवाड़ा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त करते हुए ग्राम पंचायत डेलाणा के जनसेवक श्री राकेश कुमार शर्मा ने भारतीय सैनिकों के लिए 101 राखियाँ भेजीं।

भारतीय डाक विभाग द्वारा संचालित “राखी से रक्षा” अभियान के तहत इन राखियों को शाखा डाकघर डेलाणा से विधिवत डाक के माध्यम से बुक कराकर देश के वीर जवानों तक भेजा गया। इस पहल का उद्देश्य सैनिक भाइयों तक बहनों का स्नेह, शुभकामनाएँ और रक्षाबंधन की भावना पहुँचाना है।

राखियाँ भेजे जाने के अवसर पर डेलाणा पोस्ट ऑफिस के शाखा डाकपाल श्री ओमप्रकाश माली, उपडाकपाल श्री मुकेश कुमार मीणा (गंगापुर उपडाकघर) सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। उपस्थित जनों ने देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए उनके सुखद एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।

श्री राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के प्रति सम्मान प्रकट करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि “राखी से रक्षा” जैसे अभियान सैनिकों और देशवासियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत करते हैं।

रक्षाबंधन के अवसर पर भेजी गई 101 राखियाँ सैनिकों के प्रति सम्मान, स्नेह और शुभकामनाओं की भावना को व्यक्त करने वाली इस पहल का प्रमुख हिस्सा रहीं।

Next Story