भीलवाड़ा में रक्षाबंधन पर भाई-बहन के रिश्ते के साथ उन बस चालकों और परिचालकों के प्रति सम्मान जताने की पहल की जाएगी, जो त्योहार के दिन अपने परिवार से दूर रहकर बहनों को उनके भाइयों तक पहुंचाने में जुटे रहते हैं। Indian Trinity Group ने सभी बहनों से आग्रह किया है कि वे यात्रा के दौरान मिलने वाले ऐसे लोगों को भी राखी बांधकर इस रिश्ते की भावना से जोड़ें।

रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और रिश्ते का पर्व है। इसी भावना के तहत Indian Trinity Group ने अपील की है कि जब बहनें अपने भाई को राखी बांधने के लिए यात्रा करें, तो सफर में मिलने वाले उन लोगों को भी अपनापन और सम्मान दें, जो पावन अवसर पर अपने परिवार से दूर रहकर दूसरों को उनके अपनों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

समूह की ओर से कहा गया है कि ये राखी उन बस वालों के नाम भी हो, जो हर दिन किसी भाई की कलाई तक बहन का प्यार पहुंचाते हैं। वे बहनों को उनके भाइयों से मिलाने के लिए शहरों से गांवों और गांवों से शहरों तक सफर करते हैं। वे केवल यात्रियों को नहीं, बल्कि रिश्ते, भावनाएं और अपनों का प्यार लेकर चलते हैं।

पहल के तहत यह भी आग्रह किया गया है कि यात्रा चाहे बस, ट्रेन या हवाई जहाज से हो, यदि किसी चालक, परिचालक अथवा अन्य स्टाफ की कलाई सूनी नजर आए तो बहनें उनकी कलाई पर भी राखी बांधकर उन्हें अपनापन और सम्मान दें।

रक्षाबंधन के दिन जब अधिकांश लोग अपने परिवार के साथ त्योहार मनाते हैं, तब हजारों चालक और परिचालक अपनी ड्यूटी पर रहते हुए बहनों को उनके भाइयों तक पहुंचाने में जुटे रहते हैं। उनकी इसी सेवा के कारण अनेक बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने पहुंच पाती हैं।

इसी भावनात्मक पहल के तहत भीलवाड़ा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महिला प्रकोष्ठ अध्यक्षा श्रीमती डिम्पल शर्मा के नेतृत्व में रोडवेज बस स्टैंड एवं प्राइवेट बस स्टैंड पर बस चालकों और परिचालकों की कलाई पर राखी बांधी जाएगी। इस दौरान उन्हें मिठाई खिलाकर सम्मान और अपनत्व का संदेश दिया जाएगा।

Indian Trinity Group के अध्यक्ष श्री गजानंद बोहरा ने अधिक से अधिक महिला संगठनों, महिला संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों से इस पहल से जुड़ने का आग्रह किया है। उद्देश्य है कि रक्षाबंधन का यह पर्व केवल परिवार तक सीमित न रहकर समाज में प्रेम, सम्मान और भाईचारे का संदेश भी पहुंचाए।

इस पहल के माध्यम से उन हाथों तक भी राखी पहुंचाने का संदेश दिया गया है, जो लोगों को उनके अपनों तक पहुंचाने के लिए अपना त्योहार और परिवार से दूरी स्वीकार करते हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story