भीलवाड़ा जिले की रायपुर पंचायत समिति में प्रधान पद को लेकर चल रही राजनीतिक खींचतान अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला सीधा हो गया है, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी धर्मराज गुर्जर के एक फैसले ने चुनावी चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है। उन्होंने दोनों प्रमुख दलों से दूरी बनाते हुए किसी को भी समर्थन देने से इनकार कर दिया है। साथ ही अपना मत नोटा में डालने का ऐलान किया है।

प्रधान पद के लिए कांग्रेस ने संदीप त्रिवेदी को प्रत्याशी बनाया है, जबकि भाजपा की ओर से केसर देवी जाट मैदान में हैं। शुरुआत में इस चुनाव को त्रिकोणीय मुकाबले के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन निर्दलीय धर्मराज गुर्जर के स्पष्ट रुख के बाद अब राजनीतिक लड़ाई कांग्रेस और भाजपा के बीच सिमट गई है।

चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को सुरक्षित रखने के लिए बाड़ेबंदी कर रखी है। मतदान का समय नजदीक आने के साथ ही दोनों खेमों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 3 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों को बाड़ेबंदी से लाकर मतदान करवाया जाएगा।

निर्दलीय प्रत्याशी धर्मराज गुर्जर ने अपने फैसले को लेकर स्पष्ट किया है कि वे कांग्रेस या भाजपा में से किसी के भी पक्ष में नहीं जाएंगे। उन्होंने दोनों दलों को समर्थन देने से साफ इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने जनता के बीच किसी भी राजनीतिक दल के साथ साठगांठ नहीं करने का वादा किया था। वे अपने इस वादे पर अंतिम समय तक कायम रहेंगे।

धर्मराज गुर्जर ने यह भी स्पष्ट किया कि वे अपना मत किसी भी पार्टी के प्रत्याशी को नहीं देंगे, बल्कि नोटा का विकल्प चुनेंगे। उनके इस ऐलान के बाद दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबले में उनकी संभावित भूमिका को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है।

अब रायपुर पंचायत समिति के प्रधान पद का चुनाव कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी प्रतिस्पर्धा बन गया है। दोनों दलों के प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में मतदान को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। दोपहर 3 बजे शुरू होने वाली मतदान प्रक्रिया और उसके बाद घोषित होने वाला परिणाम क्षेत्र की राजनीतिक दिशा के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।

पूरे क्षेत्र की निगाहें अब इस फैसले पर टिकी हैं कि रायपुर पंचायत समिति की प्रधान कुर्सी पर कांग्रेस के संदीप त्रिवेदी काबिज होंगे या भाजपा की केसर देवी जाट को जिम्मेदारी मिलेगी। मतदान और परिणाम के बाद ही पंचायत समिति के नए नेतृत्व की तस्वीर साफ होगी।

Next Story