भीलवाड़ा में पूज्य पुलकसागरजी महाराज के चातुर्मास का आगाज 2 अगस्त से, आज गुरु गुणानुवाद में बहेगी गुरु भक्ति की धारा
भीलवाड़ा में पूज्य पुलकसागरजी महाराज के चातुर्मास का शुभारंभ 2 अगस्त को होगा। इससे पहले आज गुरु गुणानुवाद कार्यक्रम में देशभर से श्रद्धालु जुटेंगे।

तस्वीर में दिख रहे पंडाल में जैन मुनि पुलकसागरजी को शास्त्र भेंट करते श्रद्धालु और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होतीं महिलाएं।
भीलवाड़ा में पहली बार श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, मैन सेक्टर शास्त्रीनगर के तत्वावधान में सकल दिगम्बर जैन समाज की ओर से ओजस्वी प्रवचनकार प्रख्यात राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पूज्य गुरूदेव पुलकसागरजी म.सा. ससंघ के सानिध्य में आयोजित होने वाले चातुर्मास के लिए 2 अगस्त को चातुर्मासिक मंगल कलश स्थापना होगी। इसके एक दिन पहले शनिवार दोपहर चित्रकूटधाम में गुरु गुणानुवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें गुरु भक्ति की धारा बहेगी। दोनों कार्यक्रम पूज्य गुरूदेव पुलकसागरजी महाराज के सानिध्य में होंगे और इनमें शामिल होने के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से गुरु भक्त भीलवाड़ा पहुंच रहे हैं।
चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि शनिवार दोपहर 2 बजे से शुरू होने वाले गुरु गुणानुवाद कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में मुंबई के गायक राहुल भट्ट और रेडियो जॉकी विधि जैन गुरु भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण से होगा। इसके बाद गुरु पूजन, पाद प्रक्षालन और शास्त्र भेंट का आयोजन होगा तथा समापन मंगल आरती के साथ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों के लिए पूरी टीम मुंबई से भीलवाड़ा पहुंच चुकी है। विशेष मंच और गुरूदेव के विराजने के लिए सिंहासन भी टीम अपने साथ लेकर आई है।
उन्होंने बताया कि पूज्य गुरूदेव पुलकसागरजी महाराज के चातुर्मास का विधिवत शुभारंभ 2 अगस्त को दोपहर 1 बजे चातुर्मासिक मंगल कलश स्थापना के साथ होगा। स्थापित होने वाले मंगल कलशों का शुद्धिकरण गुरूपूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरूदेव के सानिध्य में पहले ही कराया जा चुका है।
चातुर्मास समिति के संयोजक मनीष शाह ने बताया कि सूर्यमहल में प्रवासरत ओजस्वी प्रवचनकार प्रख्यात राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पूज्य गुरूदेव पुलकसागरजी म.सा. ससंघ के दर्शन-वंदन के लिए शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। धर्म चर्चा के दौरान कई श्रावक-श्राविकाओं ने अपनी जिज्ञासाएं गुरूदेव पुलकसागरजी के समक्ष रखीं और उनका समाधान प्राप्त किया। दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन और शास्त्र भेंट का सौभाग्य अनिल मंजू, धीरज रीतिका, अवधि और आरोही अजमेरा परिवार को प्राप्त हुआ। मनोज्ञाचार्य पूज्य गुरूदेव पुलकसागरजी म.सा. ने सभी श्रावक-श्राविकाओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए मंगलभावनाएं व्यक्त कीं।
समिति के सह संयोजक लोकेश अजमेरा ने बताया कि पूज्य पुलकसागरजी महाराज के सानिध्य में नियमित चातुर्मासिक प्रवचन 3 अगस्त से प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से 10 बजे तक शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में होंगे। इसके अलावा चातुर्मास के दौरान 15 से 30 अगस्त तक चित्रकूटधाम में ज्ञान गंगा महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा। इससे भीलवाड़ा में चातुर्मास के धार्मिक आयोजन व्यापक स्तर पर संपन्न होंगे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
