भीलवाड़ा: प्रेम प्रकाश आश्रम में पुरुषोत्तम मास पर हुआ सत्संग
भीलवाड़ा के प्रेम प्रकाश आश्रम में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में विशेष भजन संध्या और सतनाम साक्षी महामंत्र का सामूहिक जाप आयोजित किया गया।

भीलवाड़ा के प्रेम प्रकाश आश्रम में आयोजित सत्संग के दौरान श्रद्धालु सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के भजनों का आनंद लेते हुए।
भीलवाड़ा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर स्थानीय प्रेम प्रकाश आश्रम में भक्ति और आध्यात्मिकता की गंगा प्रवाहित हुई। प्रेम प्रकाश सेवा मण्डली के परमानन्द गुरनानी ने जानकारी दी कि इस विशेष मास के उपलक्ष्य में आश्रम में भव्य सत्संग और भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज द्वारा प्रदत्त 'सतनाम साक्षी' महामंत्र का 108 बार सामूहिक जाप किया, जिससे पूरा वातावरण भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। इस अवसर पर राजकुमार गुरनानी, मोहन दास तुलस्यानी, वर्षा रामचन्दानी, नीलू वाधवानी, भावना परमानन्दानी और माया फुलवानी ने सद्गुरु टेऊँराम जी महाराज द्वारा रचित भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया।
प्रेम प्रकाश सेवा मण्डली के किशोर गुरनानी ने बताया कि आगामी 9 जून से 19 जुलाई तक सद्गुरु टेऊँराम चालीसा महोत्सव का भव्य आयोजन प्रारंभ हो रहा है। इस महोत्सव के तहत 'घर-घर चालीसा, हर घर चालीसा' का संकल्प लिया गया है, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन रात्रि 9 बजे से 10 बजे तक प्रेमियों के निवास स्थानों पर टेऊँराम चालीसा पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। जो श्रद्धालु अपने गृह स्थान पर चालीसा पाठ का आयोजन करवाना चाहते हैं, वे परमानन्द गुरनानी व राजकुमार गुरनानी से संपर्क कर अपना नाम लिखवा सकते हैं।
महोत्सव की श्रंखला में, प्रेम प्रकाश सेवा मण्डली के राहुल परमानन्दानी ने सूचित किया कि ब्यावर स्थित प्रेम प्रकाश आश्रम के संत शंभूलाल आगामी 14 जून, रविवार को भीलवाड़ा पधार रहे हैं। उनके सानिध्य में प्रेम प्रकाश आश्रम में सांय 5 बजे से 7 बजे तक सत्संग का विशेष आयोजन रखा गया है। सेवा मण्डली ने सभी धर्मप्रेमी बन्धुओं से इस सत्संग में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है। इस आध्यात्मिक आयोजन के दौरान हीरालाल गुरनानी, गोविन्द सामतानी, सुरेश दादवानी, रवि धनकानी, देवानन्द फुलवानी सहित महिला मण्डली से ज्योति गुरनानी, रितु गुरनानी, नेहा गुरनानी, कौशल्या खटवानी, मीना वन्जानी, सुनीता तुलस्यानी व अन्य अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
