भीलवाड़ा में स्थानीय निकाय चुनाव के टिकट वितरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रताप मंडल में असंतोष खुलकर सामने आया है। टिकट वितरण से नाराज प्रताप मंडल के लगभग 70 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक साथ भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। नाराज कार्यकर्ताओं ने अपने सामूहिक इस्तीफे प्रताप मंडल अध्यक्ष राव नागेंद्र सिंह के निवास स्थान पर जाकर उन्हें सौंपे।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पार्टी में वर्षों से जमीनी स्तर पर दिन-रात काम करने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। उनका कहना है कि पार्टी ने जमीनी कार्यकर्ताओं के बजाय ‘पैराशूट उम्मीदवारों’ और बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी है।

प्रताप मंडल अध्यक्ष राव नागेंद्र सिंह ने भी कार्यकर्ताओं में व्याप्त रोष की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि निर्दलीयों और बाहरी प्रत्याशियों को टिकट दिए जाने की अफवाहों तथा व्यक्तिगत फोन कॉल्स के बाद कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक सूची जारी नहीं हुई है, लेकिन टिकट को लेकर सामने आ रही जानकारी से कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ गया है।

राव नागेंद्र सिंह के अनुसार, लगभग 70 पदाधिकारियों ने प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे सौंपे हैं। इनमें बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले और कार्यकर्ताओं की जनभावना से जिला एवं प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराएंगे।

राव नागेंद्र सिंह ने कहा, “आज प्रताप मंडल के सभी कार्यकर्ता, जो भारतीय जनता पार्टी की नींव हैं, मेरे निवास स्थान पर आए। कार्यकर्ताओं में इस बात की नाराजगी थी कि जो अफवाहें फैलीं कि निर्दलीयों या बाहरी लोगों को टिकट दे दिया गया है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक सूची जारी नहीं हुई है, लेकिन कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। इस कारण लगभग 70 पदाधिकारियों—जिनमें बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक आदि शामिल हैं—ने प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे सौंपे हैं। मैं इस पूरे मामले से जिला और प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराऊंगा।”

वहीं, भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता लोकेश शर्मा ने टिकट वितरण को लेकर पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह 20 साल से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और जिला स्तर पर बांटे गए टिकट पूरी तरह गलत हैं।

लोकेश शर्मा ने कहा, “पार्टी भले कह रही हो कि सूची ओपन नहीं हुई, लेकिन दावेदारों को व्यक्तिगत रूप से फोन आ चुके हैं। जमीनी कार्यकर्ताओं को टिकट न देकर ऐसे पैराशूट प्रत्याशियों को उतारा गया है जिन्हें बीजेपी जिला कार्यालय का पता तक नहीं मालूम। जो लोग कभी पार्टी में नहीं रहे, उन्हें तरजीह दी गई है। इसी गलत टिकट वितरण के विरोध में आज हमने प्रताप मंडल अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।”

स्थानीय निकाय चुनाव के टिकट वितरण को लेकर प्रताप मंडल में सामने आए इस सामूहिक इस्तीफे से कार्यकर्ताओं की नाराजगी स्पष्ट रूप से सामने आई है। अब मंडल अध्यक्ष द्वारा जिला एवं प्रदेश नेतृत्व को दी जाने वाली जानकारी के बाद इस पूरे मामले पर पार्टी नेतृत्व की प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण होगी।

Updated On
Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story