भीलवाड़ा पुलिस का महिला सुरक्षा संकल्प अभियान: 18 मनचले गिरफ्तार
पुलिस ने डिकॉय ऑपरेशन चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़ करने वाले 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 5 नाबालिगों को हिरासत में लिया।

भीलवाड़ा में महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत अर्धरात्रि डिकॉय ऑपरेशन के दौरान पकड़े गए आरोपियों के साथ पुलिस टीम।
पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर के आदेशानुसार एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीलवाड़ा में दो दिवसीय विशेष “महिला सुरक्षा संकल्प अभियान” चलाया गया। इसी अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध एक बड़ा अर्धरात्रि डिकॉय ऑपरेशन संचालित कर प्रभावी कार्रवाई की गई।
यह विशेष अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस मल जैन एवं श्रीमती शिल्पा भादविया (एएसपी, SIUCAW) के सुपरविजन में तथा डॉ. नेहा राव (RPS प्रोबेशनर) के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों द्वारा चलाया गया। ऑपरेशन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने आम नागरिक के रूप में शहर के पार्कों, बस स्टैंड, कोचिंग सेंटरों एवं सुनसान मार्गों पर सादे कपड़ों में निगरानी रखी। मनचलों को रंगे हाथों पकड़ने के लिए पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं—कहीं स्कूटी खराब होने का बहाना किया गया, कहीं देर रात बस का इंतजार करती अकेली महिला का रूप धारण किया गया, तो कहीं रास्ता भटकने का नाटक किया गया।
अभियान के दौरान कई चौंकाने वाले मामले सामने आए, जब रात के अंधेरे में सुनसान सड़कों पर अकेली महिला पुलिसकर्मियों को देखकर मनचलों ने सीटियां बजाईं, फब्तियां कसीं और अश्लील टिप्पणियां कीं। कुछ युवक शराब के नशे में धुत होकर महिला पुलिसकर्मियों को शराब पीने का ऑफर देने लगे, जबकि कुछ चलती बाइक से अशोभनीय इशारे करते पाए गए। जैसे ही इन असामाजिक तत्वों ने सीमा पार की, पहले से सतर्क टीम ने संकेत देकर मौके पर ही उन्हें दबोच लिया।
इस कार्रवाई में पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 18 मनचलों को धारा 126-170 BNSS के तहत गिरफ्तार किया, जबकि 05 नाबालिगों को हिरासत में लेकर समझाइश की गई।
गिरफ्तार आरोपितों में डालचंद बैरवा, कुलदीप जोशी, ऋषभ कुमार, सुरेश कुमार, राकेश साहू, तेजू बावरिया, सुनील कुमार, राहुल नायक, निखुल लखारा, मुरली तंबोली, जीतू गुर्जर, अनिरुद्ध सिंह, कानालाल गुर्जर, केदार जाट, गोविंद यादव, दौलत सिंह, पवन मारू और सांवर बैरवा शामिल हैं।
इस सफल ऑपरेशन में डॉ. नेहा राव के साथ साइबर सेल के हेड कांस्टेबल समर्थ आचार्य एवं कांस्टेबल छोटू लाल, तथा विभिन्न थानों से महिला कांस्टेबल राजकुमारी, प्रांजल विजयवर्गीय, ममता कुमारी, पूरण कैवर, ओरमता, सपना कुमारी, विमला कुमारी, बबिता कुमारी, मंजू कुमारी, मनीषा कुमारी, सुमन कुमारी, कविता, अर्चना, गुड्डी, स्वाति, पूजा और राधा की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने संदेश में कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा भीलवाड़ा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को परेशान करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
यह अभियान भीलवाड़ा में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता और कठोर रुख का स्पष्ट संदेश देता है, जिससे असामाजिक तत्वों में कानून का भय और समाज में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
