भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन के दौरान पुलिस जाप्ते पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के बाद कार्रवाई करते हुए करीब ढाई घंटे तक 68 किलोमीटर पीछा किया और बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा श्रीमती अंजुम कायल और वृत्ताधिकारी जहाजपुर रेवड़ मल मौर्य के सुपरविजन में अवैध बजरी खनन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 18 अक्टूबर 2026 को जहाजपुर थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक दयाराम चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में तैनात थी।

शाम करीब 5:50 बजे ग्राम पीपलुंद से लौट रहे हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार, कांस्टेबल दलबीर और महिला कांस्टेबल ममता को भुवाना तेजा की झोपड़ियों के पास बिना नंबर का लाल रंग का महिंद्रा 475 डीआई ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। उसकी ट्रॉली में अवैध बजरी भरी हुई थी। पुलिस जाप्ते ने ट्रैक्टर को रुकवाने का प्रयास किया तो चालक ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार ट्रैक्टर महिला कांस्टेबल ममता की स्कूटी पर चढ़ाकर टक्कर मार दी। इसके बाद वह ट्रैक्टर को छाबड़िया बरता गांव की तरफ भगाकर ले गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी शुरू की। थानाधिकारी दयाराम चौधरी के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल, हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार, कांस्टेबल दलबीर और महिला कांस्टेबल ममता की टीम ने ट्रैक्टर का पीछा किया। इस दौरान शक्करगढ़ थाने से हेड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार और कांस्टेबल मनोज कुमार की टीम भी मदद के लिए पहुंची।

पुलिस टीम ने लगातार करीब ढाई घंटे तक 68 किलोमीटर पीछा करने के बाद थाना शक्करगढ़ क्षेत्र के ग्राम नाथादंड के पास आरोपियों को घेर लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर चालक और एक अन्य साथी फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया।

इस मामले में पुलिस ने प्रकरण संख्या 316/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112(2), 303(2), 121(1), 132, 109(1), 125 और एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में मुख्य चालक मुकेश उर्फ मुक्का पुत्र हेमराज मीणा और शैतान पुत्र भूरा मीणा, निवासी रूणिया बरठा, थाना जहाजपुर तथा उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बनास नदी से अवैध रूप से बजरी निकालकर उसका परिवहन करते हैं। पुलिस द्वारा पकड़ने का प्रयास किए जाने पर वे ट्रैक्टर को कच्चे रास्तों पर भगाते हैं, ताकि उड़ती धूल के कारण पुलिस का पीछा छूट जाए। जांच के अनुसार, आरोपी रास्ते में ट्रॉली खाली करने या पुलिस पर जानलेवा हमला करने का प्रयास भी करते हैं। जहाजपुर क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस अवैध बजरी परिवहन और फरार आरोपियों की तलाश में कार्रवाई कर रही है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story