उड़ीसा से भीलवाड़ा लाई गई थी 104 किलो गांजे की खेप, मुख्य तस्करों की तलाश में पुलिस टीम रवाना
भीलवाड़ा में अर्टिगा कार से बरामद 104 किलो 271 ग्राम गांजे की खेप उड़ीसा से लाई गई थी। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में सप्लाई चेन और संभावित खरीदारों के सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम उड़ीसा रवाना हुई है।

भीलवाड़ा। चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा हाईवे पर अर्टिगा कार से बरामद 104 किलो 271 ग्राम गांजे के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में सामने आया है कि गांजे की यह खेप उड़ीसा से तस्करी कर लाई गई थी। अब मुख्य तस्करों तक पहुंचने, सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाने और तस्करी के स्रोत की मौका तस्दीक के लिए भीलवाड़ा पुलिस की एक टीम उड़ीसा रवाना की गई है।
पुलिस के अनुसार, मंगरोप थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह को जिला विशेष टीम (डीएसटी) से मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने एनएच-48 पर गुवारड़ी नाले के समीप एक संदिग्ध अर्टिगा कार को रुकवाया। मौके पर डीएसटी टीम ने कार में सवार तीन लोगों को पहले ही डिटेन कर रखा था।
कार की तलाशी लेने पर उसकी डिग्गी और तीसरी पंक्ति की सीट से टेप से लिपटे पॉलिथीन के 20 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में गांजे के फूल, कलियां, पत्तियां और डंठल भरे हुए थे। पुलिस ने जब्त गांजे का कुल वजन 104 किलो 271 ग्राम दर्ज किया।
इस कार्रवाई में पुलिस ने जोरावरपुरा (थाना बागोर) निवासी धर्मेन्द्र सिंह दरोगा (26), मोहन गाडरी (43) और भादू निवासी नोरत सिंह उर्फ पृथ्वीराज सिंह उर्फ रतन सिंह चुंडावत (34) को गिरफ्तार किया था। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार भी जब्त की गई थी।
मंगरोप थाने में आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच सदर थानाधिकारी प्रहलाद सहाय को सौंपी गई है। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने गांजा उड़ीसा से लाने की बात कबूल की। उन्होंने पुलिस को सप्लाई चेन और संभावित खरीदारों के संबंध में भी अहम जानकारियां दीं।
आरोपितों से मिली जानकारी और उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस टीम अब उड़ीसा में सप्लायरों की तलाश कर रही है। साथ ही गांजे की खेप लाने से जुड़े संबंधित स्थल की मौका तस्दीक भी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई का अगला चरण गांजा तस्करी के स्रोत, सप्लायरों और संभावित खरीदारों तक पहुंचने पर केंद्रित है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
