भीलवाड़ा में 142 ठिकानों पर पुलिस की दबिश, 72 अपराधी गिरफ्तार; 2000 लीटर वॉश नष्ट
भीलवाड़ा में निकाय चुनावों से पहले पुलिस ने एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर 142 ठिकानों पर दबिश दी। 72 अपराधी गिरफ्तार हुए, जबकि 2000 लीटर अवैध वॉश नष्ट कर हथियार और शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

भीलवाड़ा में आगामी निकाय चुनावों और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ और ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान के तहत पुलिस ने जिलेभर में एक साथ 142 चिह्नित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान विभिन्न मामलों में कुल 72 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश आर्य के नेतृत्व में वृत्ताधिकारियों और थानाधिकारियों की 30 विशेष टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों में शामिल 127 पुलिस कर्मियों ने जिलेभर में चिह्नित 142 स्थानों पर एक साथ दबिश देकर वांछित अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान स्थाई वारंटी, उद्घोषित अपराधी तथा धारा 335 BNSS (299 CrPC) के तहत 48 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 3 एचएस/हार्डकोर और इनामी अपराधियों सहित लूट-डकैती जैसे जघन्य अपराधों में वांछित 1 अपराधी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आबकारी एक्ट के तहत 4 मामले दर्ज किए गए और करीब 2000 लीटर अवैध वॉश नष्ट किया गया। वहीं, आर्म्स एक्ट के तहत 2 मामले दर्ज कर 2 अवैध धारदार चाकू बरामद किए गए।
शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका को देखते हुए धारा 170 व 129 BNSS के तहत 25 असामाजिक तत्वों को पाबंद करते हुए गिरफ्तार किया गया। इस तरह विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के साथ अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
