भीलवाड़ा: लावारिस कार से 399 किलो डोडा चूरा जब्त, कारतूस भी मिले
डीएसटी और गंगापुर पुलिस की नाकाबंदी देखकर तस्कर गाड़ी छोड़कर जंगल में भागे, कार से चार संदिग्ध नंबर प्लेटें और कारतूस बरामद।

गंगापुर-भीलवाड़ा। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और गंगापुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की। रायथलियास बांध के पास पुलिस ने सड़क से नीचे कच्चे में फंसी एक लग्जरी कार से 21 प्लास्टिक के कट्टों में भरा 399.04 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया। कार से एक मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, चार संदिग्ध नंबर प्लेटें और एक एंड्रॉइड मोबाइल भी बरामद हुआ। पुलिस की घेराबंदी के दौरान कार का पिछला टायर फट गया, जिसके बाद तस्कर कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर भाग निकले।
पुलिस के अनुसार रात के अंधेरे में तस्कर कार से मादक पदार्थ लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस की घेराबंदी देखकर उन्होंने कार को सड़क से नीचे कच्चे में उतार दिया। रायथलियास बांध के पास हाइवे पर कार का पिछला टायर फट गया और वाहन कच्चे में फंस गया। इसके बाद चालक और उसका साथी कार छोड़कर जंगल की ओर भाग गए।
जानकारी के अनुसार डीएसटी भीलवाड़ा के कांस्टेबल राकेश को सूचना मिली थी कि कपासन की तरफ से पोटला की ओर सफेद रंग की कार में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर डीएसटी टीम संदिग्ध कार का पीछा कर रही थी। पुलिस से घिरता देख तस्करों ने घोड़ास चौराहे से मायरावास रोड की ओर कार दौड़ा दी।
रायथलियास बांध के पास हाइवे पर चालक ने कार को सड़क से नीचे कच्चे में उतार दिया। इसी दौरान कार का पिछला टायर फट गया और कार फंस गई। तस्कर कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर भाग गए।
सूचना मिलने पर गंगापुर थानाधिकारी पुरणमल मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और कार की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं सीटों के बीच अलग-अलग नंबरों की चार नंबर प्लेटें तथा एक एंड्रॉइड मोबाइल मिला।
पुलिस के मुताबिक बरामद नंबर प्लेटें चित्तौड़गढ़ और मध्यप्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबरों की थीं। पुलिस को आशंका है कि तस्कर पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग वाहनों की नंबर प्लेटों का इस्तेमाल करते थे।
कार की डिग्गी और पिछली सीट से 21 प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 399.04 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त करने के साथ कार को भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। मामले का अग्रिम अनुसंधान करोई सीआई सियाराम को सौंपा गया है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और गाड़ी के चेसिस नंबर के आधार पर तस्करों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। फरार तस्करों की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
