भीलवाड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़लियास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लावारिस हालत में खड़ी क्रेटा कार और मोटरसाइकिल से 39 किलो 800 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए।

जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ धर-पकड़ अभियान के तहत बड़लियास थाना पुलिस ने रविवार रात जीवा खेड़ा चौराहे के पास यह कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि रविवार रात वह मय जाप्ता प्राइवेट वाहन से अवैध बजरी परिवहन, खनन की रोकथाम और नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जीवा का खेड़ा चौराया से जीवा खेड़ा गांव की ओर जाने वाली सड़क के पास एक क्रेटा कार और एक मोटरसाइकिल संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी हैं।

सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी पुलिस जाप्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम जब सड़क से करीब 50 मीटर अंदर जंगल में पहुंची तो वहां एक क्रेटा कार और एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी मिली। मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ भी जमा थी। पुलिस को आता देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में भाग निकले। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे।

पुलिस ने जब लावारिस वाहनों की जांच की तो क्रेटा कार के दोनों साइड और आगे-पीछे के कांच पूरी तरह टूटे हुए मिले। कांच के टुकड़े जमीन पर बिखरे पड़े थे। कार के अंदर जांच करने पर पीछे की सीट गायब मिली और पूरी कार में अफीम डोडा चूरा के छिलके और कांच के टुकड़े बिखरे हुए थे।

इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही बरामद मादक पदार्थ का वजन कराया। क्रेटा कार से थोड़ी दूरी पर मिले एक सफेद रंग के कट्टे में भरे अफीम डोडा चूरा का वजन 29.860 किलोग्राम पाया गया। वहीं क्रेटा कार के अंदर बिखरे हुए डोडा चूरा को एक अन्य सफेद प्लास्टिक के कट्टे में एकत्रित करने पर उसका वजन 9.940 किलोग्राम निकला।

इस तरह पुलिस ने कार के अंदर और बाहर से कुल 39.800 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

बड़लियास थाना पुलिस अब जब्त वाहनों के चेसिस और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। पुलिस की जांच के बाद ही तस्करी से जुड़े आरोपियों का खुलासा हो सकेगा।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story