भीलवाड़ा में 40 किलो डोडा-चूरा जब्त, मध्य प्रदेश का तस्कर गिरफ्तार
आरजिया-कीरखेड़ा मार्ग पर संदिग्ध कार की तलाशी में दो कट्टों में मिला मादक पदार्थ, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर नेटवर्क की जांच जारी।

भीलवाड़ा। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मांडल थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार से 40 किलो डोडा-चूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही निशान माइक्रो कार को जब्त कर मध्य प्रदेश के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्यवाहक मांडल थाना प्रभारी देवालाल और डीएसटी टीम ने आरजिया चौराहे से कीरखेड़ा की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक निशान माइक्रो कार को रुकवाया। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें रखे दो कट्टों में डोडा-चूरा मिला। मादक पदार्थ का वजन कराने पर कुल 40 किलो डोडा-चूरा बरामद होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया। साथ ही कार चालक मध्य प्रदेश के नीमच जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र के श्रीपुरा निवासी कन्हैयालाल पुत्र नाथूलाल जाटिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की अग्रिम जांच थाना प्रभारी कन्हैयालाल को सौंपी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से डोडा-चूरा की खरीद-फरोख्त, इसकी सप्लाई के ठिकानों और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के संबंध में खुलासे हो सकते हैं।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
