भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के कुशल निर्देशन एवं थानाधिकारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में बिजौलिया थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया है। पुलिस ने 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत मात्र 24 घंटों के भीतर पांच अलग-अलग सुनियोजित कार्यवाहियां करते हुए तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस सघन अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 227.320 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस दबिश के दौरान जयपुर और अजमेर के दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है, जबकि अन्य तीन मामलों में तस्कर पुलिस की भनक लगते ही अपने वाहन छोड़कर भागने में सफल रहे।

तस्करी के इस खेल में अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए और आधुनिक ट्रेंड का भी खुलासा हुआ है। तस्कर पुलिस की निगरानी से बचने और सुरक्षा एजेंसियों की आंखों में धूल झोंकने के लिए महंगी और लग्जरी गाड़ियों का सहारा ले रहे थे। पुलिस ने इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त हो रही पांच आलीशान कारों—पोलो, फ्रॉक्स, आई-20, वेन्यू और इग्निस को जब्त किया है। घटनाक्रम की शुरुआत एनएच 27 केसरगंज कट पर नाकाबंदी के दौरान हुई, जहां सफेद रंग की पोलो कार संख्या RJ14CQ5700 से 45.640 किलो डोडा चूरा बरामद कर आरोपी मोहनलाल पुत्र दयालराम जाट, निवासी जैवलियों का बास, थाना मोखमपुरा (जयपुर ग्रामीण) को गिरफ्तार किया गया। दूसरी सफल कार्यवाही चम्पापुर सरहद में घेराबंदी कर की गई, जहां फ्रॉक्स कार से 43.740 किलो अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ और मौके से तस्कर जीतराम पुत्र हरचन्द बैरवा (30 वर्ष), निवासी गागुन्दा, थाना बान्दरसिन्दरी (अजमेर) को सलाखों के पीछे भेजा गया।

पुलिस के बढ़ते दबाव और सघन तलाशी अभियान के डर से अन्य तस्कर छोटी बिजौलिया और सलावटिया के समीप अपनी आई-20, वेन्यू और इग्निस कारें छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने इन लावारिस मिली तीनों गाड़ियों की तलाशी ली, जिनमें से क्रमशः 46.440 किलो, 46.050 किलो और 45.450 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। इस पूरे संवेदनशील ऑपरेशन को सफल बनाने में थानाधिकारी स्वागत पाण्डया के साथ विशेष भूमिका निभाने वाले सउनि नरेश कुमार, सउनि सुनिल बेनिवाल, राउनि लक्ष्मण सिंह, सउनि गोपाल लाल, हेड कांस्टेबल रामसिंह, तथा कांस्टेबल हेमाराम, नरेन्द्र, जितेन्द्र, राजवीर, विश्राम, मनोज, रणजीत एवं रवि सिंह की जांबाजी सराहनीय रही। वर्तमान में गिरफ्तार अभियुक्तों मोहनलाल जाट और जीतराम बैरवा से पुलिस की विशेष टीम गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध व्यापार के मुख्य सरगनाओं और सप्लाई चेन की अंतिम कड़ी तक पहुँचा जा सके। पुलिस की इस प्रचंड कार्यवाही से समूचे क्षेत्र के तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story