भीलवाड़ा में नशा तस्करी का बड़ा पर्दाफाश: ट्रक के गुप्त चैंबर से 517 किलो डोडा चूरा जब्त
भीलवाड़ा में पुलिस और ANTF ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एक ट्रक में बनाए गए गुप्त चैंबरों से 517 किलो डोडा चूरा बरामद किया गया है। आखिर कैसे पकड़े गए शातिर तस्कर? जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।

भीलवाड़ा के मांडल में पुलिस ने ट्रक में बने गुप्त चैंबरों से 517.07 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद कर बाड़मेर निवासी तस्कर को गिरफ्तार किया है।
भीलवाड़ा में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध मादक पदार्थों की एक भारी खेप पकड़ी है। मांडल थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 517.07 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। इस मामले में बाड़मेर निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जो इस नशे की खेप को मेवाड़ से मारवाड़ ले जाने की फिराक में था। आईजीपी विकास कुमार ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता ने लाखों युवाओं के भविष्य को बर्बाद होने से बचा लिया है।
तस्करी के इस मामले में सामने आया है कि आरोपी ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक को बेहद शातिराना अंदाज में मॉडिफाई किया था। तस्कर ने ट्रक की चेसिस बॉडी, केबिन और फर्श के बीच एक-एक फीट गहरे गुप्त चैंबर बना रखे थे। इतना ही नहीं, ट्रक के पीछे के फर्श के नीचे चैंबर बनाकर ऊपर से लोहे की चादर वेल्ड कर दी गई थी, ताकि सामान्य चेकिंग में ट्रक पूरी तरह खाली नजर आए। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने ट्रक की नंबर प्लेट पर टेप भी चिपका रखी थी।
घटनाक्रम के अनुसार, ANTF को चित्तौड़गढ़ से मांडल होते हुए बाड़मेर जाने वाले ट्रक की गुप्त सूचना मिली थी। कोठारी नदी की पुलिया पर नाकाबंदी के दौरान जैसे ही पुलिस ने ट्रक को रुकने का इशारा किया, आरोपी ने वाहन को तेज रफ्तार में भगाना शुरू कर दिया। टीम ने पीछा कर मांडल चौकी के सामने उसे घेर लिया। पकड़े जाने के बाद आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन गहन तलाशी के दौरान गैस कटर से लोहे की चादरें काटने पर भारी मात्रा में डोडा चूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर ट्रक और मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है। वर्तमान में गिरफ्तार आरोपी प्रकाश, निवासी ढाको का तला, भूणियां (बाड़मेर) से कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य इस पूरे ड्रग नेटवर्क के मुख्य सप्लायरों तक पहुंचना और इस गिरोह का भंडाफोड़ करना है। यह कार्रवाई तस्करी के बढ़ते नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों की एक बड़ी चोट मानी जा रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
