दुबई से संचालित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेट के खिलाफ भीलवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रंगदारी मामले में महज 9 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दुबई में पति को बंधक बनाकर धमकाने और भीलवाड़ा में उसकी पत्नी से 40 लाख रुपये के चेक जबरन लेने के मामले में लुत्फी गैंग के सक्रिय सदस्य योगेश मुन्दड़ा को गिरफ्तार किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस मल जैन के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस ने संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ शिकंजा कसा है। पुलिस उप अधीक्षक (वृत्त सदर) नेमीचन्द चौधरी के क्लोज सुपरविजन में सुभाषनगर थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, दुबई में सक्रिय संगठित आपराधिक गिरोह के सरगना फजले रउफ शेख उर्फ लुत्फी और उसके साथियों ने 01 जुलाई 2026 को भीलवाड़ा निवासी मुकेश कुमार टेलर को दुबई में बंधक बना लिया था। आरोपियों ने मुकेश के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उससे 1 लाख 70 हजार 220 एमिरेट्स एनबीडी दिर्हाम के 04 चेक जबरन ले लिए।

इसके बाद लुत्फी के इशारे पर भारत में सक्रिय उसके साथी योगेश मुन्दड़ा और राजा उर्फ राजू पठान उर्फ रियाज अहमद शेख ने भीलवाड़ा में कार्रवाई की। आरोपियों ने आधी रात करीब 12:00 से 1:00 बजे के बीच भीलवाड़ा के पथिक नगर स्थित मुकेश कुमार टेलर के घर पहुंचकर उसकी पत्नी और पिता को धमकाया। आरोपियों ने मुकेश की हत्या करने की धमकी देकर उसकी पत्नी से 40 लाख रुपये की रकम के चेक जबरन हासिल कर लिए।

पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर 11 जुलाई 2026 को पुलिस थाना सुभाषनगर में प्रकरण संख्या 227/2026 दर्ज किया गया। मामले में नए कानून बीएनएस 2023 की गंभीर धाराओं 308(5), 111(2)(बी), (3), (4) के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस की विशेष टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज होने के मात्र 9 घंटे के भीतर आरोपी योगेश मुन्दड़ा को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी योगेश मुन्दड़ा पुत्र बद्रीलाल मुन्दड़ा, उम्र 50 वर्ष, न्यू हाउसिंग बोर्ड, शास्त्रीनगर का निवासी है।

इस मामले में गैंग के मुख्य सरगना फजले रउफ उर्फ लुत्फी पुत्र अब्दुल रउफ निवासी शास्त्रीनगर, भीलवाड़ा की तलाश जारी है। पुलिस ने लुत्फी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा है और उसके खिलाफ एलओसी (लुकआउट सर्कुलर) भी जारी है।

अपुष्ट जानकारी के अनुसार, दुबई पुलिस ने इसी तरह के एक अन्य आपराधिक मामले में लुत्फी को वहां गिरफ्तार किया है। भारत और दुबई के बीच प्रत्यर्पण संधि लागू होने के कारण राजस्थान पुलिस की क्राइम ब्रांच, सीबीआई एवं केंद्रीय गृह मंत्रालय के माध्यम से दुबई पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे दुबई से भीलवाड़ा लाने की प्रक्रिया की जाएगी।

भीलवाड़ा पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट की आर्थिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, लुत्फी द्वारा दुबई से भीलवाड़ा में संचालित किए जा रहे सट्टा, ब्याज और अवैध वसूली के धंधे में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश के लिए विशेष टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।

गिरोह की अवैध संपत्तियों और काली कमाई का पता लगाने के लिए साइबर एवं इकोनॉमिक फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की विशेष सेवाएं ली जा रही हैं। पुलिस द्वारा गिरोह से जुड़ी संपत्तियों को अटैच करने और बैंक खातों को फ्रीज करने की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story