भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में खाकी का एक ऐसा साहसिक और फिल्मी चेहरा सामने आया है, जिसने खनन माफियाओं के साम्राज्य को हिला कर रख दिया है। जिला विशेष टीम (DST) ने बनास नदी के सीने को छलनी कर रहे माफियाओं को उन्हीं के जाल में फंसाने के लिए एक बेहद गुप्त और रणनीतिक 'सर्जिलकल स्ट्राइक' को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव के कड़े तेवरों के बीच आईपीएस माधव उपाध्याय के नेतृत्व में रची गई इस व्यूह रचना ने न केवल अवैध बजरी दोहन पर प्रहार किया, बल्कि अपराधियों के मन में कानून का खौफ भी पैदा कर दिया है।

बनास नदी के तट पर बजरी माफियाओं की सक्रियता को देखते हुए पुलिस ने इस बार लीक से हटकर योजना बनाई। खनन माफियाओं के जासूस (मुखबिर) अक्सर पुलिस की गाड़ियों को देखते ही उन्हें आगाह कर देते थे, इसीलिए टीम ने सामान्य डम्परों को अपना ढाल बनाया। पुलिसकर्मी खुद डम्परों में सवार होकर नदी के भीतर जा पहुंचे, जबकि अन्य दस्तों ने बाहर निकलने वाले तमाम गुप्त रास्तों पर मोर्चा संभाल लिया। जब तक माफिया कुछ समझ पाते, पुलिस उनके सामने खड़ी थी। इस भीषण छापेमारी के दौरान जहाजपुर थाना क्षेत्र से ३ जेसीबी, ३ डम्पर और १० ट्रैक्टर बरामद किए गए, वहीं पंडेर थाना क्षेत्र से २ जेसीबी और ३ ट्रैक्टरों को कब्जे में लिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई अपराधी अपने वाहन छोड़कर जंगलों की ओर भाग निकले।

वहीं दूसरी ओर, भीलवाड़ा पुलिस की सतर्कता ने आसींद क्षेत्र में एक बड़ी डकैती की योजना को भी विफल कर दिया। सोमवार देर रात करीब ३ बजे जब पूरा इलाका गहरी नींद में था, नेशनल हाईवे १५८ पर हेड कांस्टेबल रंजीत, सिपाही मांगीलाल विश्नोई और कन्हैयालाल गश्त कर रहे थे। परासौली चौराहे पर एक ईको कार को संदिग्ध अवस्था में देख पुलिस की भृकुटियां तन गईं। वहां चार शातिर बदमाश व्यापारी सुरेश साहू की होलसेल किराना दुकान का शटर तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने बिजली की तेजी से घेराबंदी करते हुए चारों आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी ब्यावर जिले के जैतारण क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, जिनके पास से छैनी, हथौड़ा और सरिया (टामी) जैसे हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस की इस दोहरी सफलता ने भीलवाड़ा में कानून व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास सुदृढ़ किया है। प्रशासन ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि चाहे वह बनास का सीना चीरने वाले माफिया हों या अंधेरे का फायदा उठाने वाले चोर, पुलिस की पैनी नजर से कोई बच नहीं पाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story