जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच सीधी मुठभेड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया। किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की नियत से अवैध हथियार लेकर घूम रहे बदमाश ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बीच भागने का प्रयास करते हुए बदमाश करीब 9 फीट गहरी पुलिया से नीचे नदी क्षेत्र में कूद गया, जहां चट्टानों पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया और भारी सुरक्षा के बीच महात्मा गांधी जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

एसपी सागर राणा ने बताया कि गुरुवार देर रात करीब 1 बजे पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि बिलिया कलां निवासी कम्मू उर्फ कमलेश गुर्जर (29) पुत्र भंवरलाल गुर्जर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए अवैध रिवाल्वर लेकर रीको औद्योगिक क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही हमीरगढ़ थाना प्रभारी सुनील बेड़ा मय जाप्ते के मौके के लिए रवाना हुए।

पुलिस टीम जब रीको क्षेत्र स्थित बनास नदी की छोटी पुलिया के पास पहुंची तो एक संदिग्ध युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखते ही आरोपी घबरा गया और बाइक मोड़कर भागने लगा। थाना प्रभारी द्वारा रुकने की चेतावनी देने पर जब आरोपी को निकलने का रास्ता नहीं मिला तो उसने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए सीधे फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस टीम जवाबी मोर्चा संभाल पाती, उससे पहले ही खुद को घिरता देख आरोपी कमलेश पुलिया से नीचे नदी के पथरीले इलाके में कूद गया। करीब 9 फीट गहरी पुलिया और नीचे मौजूद चट्टानों के कारण उसके पैर और शरीर में गंभीर चोटें आईं और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल नीचे उतरकर लहूलुहान हालत में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार सुबह एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक चला हुआ कारतूस का खोल बरामद किया गया। पुलिस अब गहन अनुसंधान में जुटी है कि आरोपी भीलवाड़ा में किस बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला था और इस साजिश में उसके साथ और कौन-कौन से अपराधी शामिल हैं।

पुलिस फायरिंग और बदमाश की गिरफ्तारी की इस घटना ने जिले में कानून-व्यवस्था और आपराधिक गतिविधियों को लेकर एक बार फिर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और संभावित वारदात से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story