भीलवाड़ा जिले को नशामुक्त बनाने और ड्रग माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के तहत भीलवाड़ा पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए 5 करोड़ 70 लाख 80 हजार रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थों को रिजर्व पुलिस लाइन भीलवाड़ा में भारी सुरक्षा और कड़ी निगरानी के बीच पूरी तरह नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति की मौजूदगी में नियमानुसार संपन्न हुई।

पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सागर (आई.पी.एस.) के नेतृत्व में की गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय पारस जैन के निर्देशन तथा उप अधीक्षक महिला सेल शिल्पा भादविया के सुपरविजन में समिति के सदस्यों की उपस्थिति में सबसे पहले मालखाने से लाए गए जब्त मादक पदार्थों के वजन और सील का मिलान किया गया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए उन्हें भट्टी में नष्ट किया गया।

पुलिस विभाग के अनुसार, जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के कुल 20 गंभीर प्रकरणों से संबंधित मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस पूरी खेप की अनुमानित कीमत 5 करोड़ 70 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 3,779 किलो 486 ग्राम डोडा चूरा शामिल था, जिसकी अनुमानित अंतर्राष्ट्रीय कीमत 5 करोड़ 66 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा 3 किलो 500 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित अंतर्राष्ट्रीय कीमत 1 लाख 75 हजार रुपये है, तथा 11 ग्राम स्मैक, जिसकी अनुमानित अंतर्राष्ट्रीय कीमत 2 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है, को भी नष्ट किया गया।

रिजर्व पुलिस लाइन में भारी मात्रा में डोडा चूरा, गांजा और स्मैक का नष्टीकरण कर भीलवाड़ा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले मादक पदार्थ तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त और पारदर्शी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story