भीलवाड़ा। शहर में शुक्रवार सुबह उस वक्त कोहराम मच गया, जब खाकी की गरिमा संभालने वाले एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) की अपने ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। कोतवाली थाने में तैनात एएसआई महावीर सिंह अपनी सरकारी पिस्टल को अनलोड कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई। इस हृदयविदारक घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

ड्यूटी से लौटकर घर पहुंचे थे, अनलोडिंग के दौरान हुआ हादसा

सूत्रों के मुताबिक, महावीर सिंह बीती रात कोतवाली थाने में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। शुक्रवार सुबह करीब 8:00 बजे अपनी शिफ्ट खत्म कर वे प्रतापनगर थाना इलाके के कमला विहार स्थित अपने आवास पर पहुंचे थे। घर पहुंचकर उन्होंने कपड़े बदले और अपनी सर्विस रिवॉल्वर को अनलोड करने लगे। बताया जा रहा है कि तीन गोलियां निकाली जा चुकी थीं, लेकिन चौथी गोली निकालने के दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे उनके सिर में जा लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी से कहा था 'चाय लाओ', पीने से पहले ही थम गई सांसें

मृतक के चचेरे भाई तेजप्रताप सिंह ने बताया कि महावीर सिंह ने घर आने के बाद अपनी पत्नी से चाय बनाने के लिए कहा था। जब तक पत्नी चाय लेकर आती, वे पिस्टल अनलोड करने बैठ गए। इसी दौरान दुर्घटनावश चली गोली ने उनकी जान ले ली। गोली की आवाज सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के पड़ोसी भी मौके पर जमा हो गए।

पदोन्नति की खुशियों के बीच पसरा मातम

इस घटना की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि महावीर सिंह हाल ही में हेड कांस्टेबल से पदोन्नत होकर एएसआई बने थे। उनके पिता भी भीलवाड़ा पुलिस से सेवानिवृत्त सहायक उप निरीक्षक रहे थे। वर्ष 2003 में पुलिस सेवा में शामिल हुए एक अनुभवी अधिकारी का इस तरह चले जाना विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। सूचना मिलते ही प्रतापनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों का बयान: जांच जारी है

डीएसपी सिटी सज्जन सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि "प्रारंभिक तौर पर यह एक हादसा नजर आ रहा है। सर्विस रिवॉल्वर की सफाई या अनलोडिंग के दौरान गोली चली है।" आत्महत्या की आशंका के सवाल पर उन्होंने कहा कि "फिलहाल मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है।"

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story