भीलवाड़ा। जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और अवैध हथियार तस्करों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में जारी विशेष अभियान के तहत गांधीनगर थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस जैन के मार्गदर्शन एवं वृत्ताधिकारी (शहर) सज्जन सिंह के सुपरविजन में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उत्तर प्रदेश के एक युवक को अवैध देशी पिस्टल के साथ दबोच लिया है।

घटनाक्रम के अनुसार, गांधीनगर थानाधिकारी डॉ. नेहा राव के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि अहिंसा बंगलों के सामने 80 फीट रोड पर एक संदिग्ध युवक हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। पुलिस जाप्ते को देख युवक ने भागने का असफल प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। तलाशी लेने पर आरोपी की जींस की पेंट के दाहिनी कमर के पट्टे से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। जांच में पिस्टल अनलोड पाई गई, जिसमें मैग्जीन लगी हुई थी।

पकड़े गए आरोपी की पहचान 20 वर्षीय शिवकुमार भदौरिया पुत्र ओमप्रताप सिंह भदौरिया के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चाउपुर, थाना हरपालपुर, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में भीलवाड़ा के आजादनगर स्थित मकान नंबर ए-392 में किराए पर रह रहा था। इस स्ट्राइक टीम में थानाधिकारी डॉ. नेहा राव के साथ ए.एस.आई. सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल भगवान दास और कांस्टेबल बलवीर पुनिया शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी से पिस्टल की खरीद-फरोख्त और उसके नेटवर्क के संबंध में सघन पूछताछ कर रही है ताकि मुख्य सप्लायर तक पहुंचा जा सके। पुलिस की इस सक्रियता ने शहर में अवैध हथियार रखने वालों के बीच हड़कंप मचा दिया है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story