जिले में दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी करने वाली एक अंतर-जिला गैंग का भीलवाड़ा पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सदर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर जिले में नकबजनी, चोरी और लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सदर थाना क्षेत्र के बड़ा महुआ गांव में हुई चोरी की वारदात की जांच के दौरान पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।

थानाधिकारी गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि 19 मई 2025 को बड़ा महुआ निवासी रेवाशंकर शर्मा अपने परिवार के साथ एक सामाजिक कार्यक्रम में गए हुए थे। दोपहर करीब 12:05 बजे घर लौटने पर उन्होंने मकान के ताले टूटे हुए पाए। घर के अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस जैन के निर्देशन तथा डीएसपी (सदर) नेमीचंद चौधरी के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की सहायता से दो संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बड़ा महुआ में चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित दरीबा निवासी तथा वर्तमान में निम्बाहेड़ा की कच्ची बस्ती में रह रहे मिथुन बाबू पुत्र नजीर मोहम्मद फकीर और चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर थाना क्षेत्र के बानसेन निवासी 24 वर्षीय समीर खान उर्फ पप्पू पुत्र लाला खां को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी गैंग के काम करने के तरीके का भी खुलासा किया। आरोपी मुख्य मार्गों और पुलिस नाकाबंदी से बचने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के कच्चे रास्तों का इस्तेमाल करते थे। पल्सर बाइक पर गांवों में पहुंचकर पहले सूने मकानों की रेकी की जाती थी। वारदात के दौरान एक आरोपी बाहर खड़ा होकर निगरानी करता था, जबकि दूसरा मकान में घुसकर ताले तोड़कर चोरी को अंजाम देता था।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने भीलवाड़ा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की चार अन्य वारदातें करना भी कबूल किया है। आरोपियों ने मंगरोप थाना क्षेत्र में दो से तीन मकानों में चोरी करने, सदर थाना क्षेत्र के सुवाणा गांव में एक मकान से जेवरात और नकदी चुराने, बिगोद थाना क्षेत्र के जोजावा गांव में सूने मकान को निशाना बनाने तथा बड़ा महुआ गांव में पूर्व में एक अन्य मकान में दीवार फांदकर चोरी करने की घटनाओं को स्वीकार किया है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी गजेंद्र सिंह राठौड़, एएसआई चेतन लाल, कांस्टेबल पवन तथा विशेष योगदान देने वाले कांस्टेबल अनिल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और चोरी गए माल की बरामदगी के साथ-साथ अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है। यह कार्रवाई जिले में सक्रिय संपत्ति अपराधियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story