भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के कड़े रुख के बाद अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पारोली थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव में अवैध कब्जे की नीयत से लाठी-सरियों से जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस, डीएसटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई ने जिले में कानून-व्यवस्था कायम रखने की दिशा में पुलिस की दृढ़ता को उजागर किया है।

घटना 27 फरवरी 2026 की है, जब खेड़ी निवासी सुरेश कुमार धाकड़ के निजी बाड़े पर कब्जा करने के लिए शंकरदास और उसके साथियों ने लोहे के पाइप डालना शुरू कर दिया। सुरेश और उनके भाई राजू ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर लाठियों और पाइपों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ितों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने न केवल मारपीट की, बल्कि पूरे इलाके में दहशत फैला कर अवैध कब्जे का प्रयास भी किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशन और एएसपी राजेश आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। साइबर सेल और डीएसटी की मदद से पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपियों को धर-दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश वैष्णव (35) पुत्र शंकर दास और कैलाश वैष्णव (39) पुत्र शंकर दास, निवासी खेड़ी शामिल हैं। इसके साथ ही, प्रकरण में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी गिरफ्तार कर बाल न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में पारोली थानाधिकारी सियाराम, सउनि रामेश्वर, साइबर सेल के आशीष कुमार, अशोक कड़वा, दीपक कुमार, किशोर कुमार और डीएसटी के कमल तांडी व शंकर लाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसी दिन भीलवाड़ा जिले में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। आईपीएस माधव उपाध्याय की टीम ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लगे वाहनों को जब्त किया और चालकों को हिरासत में लिया। आसिंद थाना क्षेत्र में परासोली गांव के पास खारी नदी के पेटे में अवैध खनन करते हुए एक डंपर जब्त किया गया। वहीं, बडलियास थाना क्षेत्र के जीवा का खेड़ा में एक जेसीबी और बजरी से भरा ट्रेलर जब्त किया गया। आईपीएस माधव उपाध्याय ने कहा, "अवैध खनन के खिलाफ पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसी भी माफिया को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।"

इन दो मामलों ने यह स्पष्ट कर दिया कि जिले में पुलिस अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की छूट नहीं देगी। कानून-व्यवस्था कायम रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता बनी हुई है।

Updated On
Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story