भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में खाकी और ग्रामीणों के संयुक्त साहस के आगे बेखौफ बदमाशों के हौसले पस्त हो गए हैं। शक्करगढ़ थाना पुलिस ने 14 मार्च 2026 को फिल्मी अंदाज में नाकाबंदी तोड़कर भागने वाली बिना नंबरी महिंद्रा थार गाड़ी और उसमें बरामद जिंदा कारतूसों के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी राधे उर्फ अमित परिहार, निवासी ग्वालियर (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है।

वारदात का सूत्रपात 14 मार्च को तब हुआ जब मांडलगढ़ और बिगोद पुलिस ने सूचना प्रसारित की कि एक सफेद रंग की बिना नंबरी थार गाड़ी, जिसमें तीन से चार हथियारबंद बदमाश सवार हैं, गोपालपुरा टोल प्लाजा को तोड़कर काछोला की ओर अत्यंत तीव्र गति से आ रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सउनि ताराचन्द मय टीम सक्रिय हुए और मोर्चा संभाला। पुलिस ने रणनीतिक सूझबूझ का परिचय देते हुए बीट कांस्टेबल फूलसिंह के माध्यम से रामपुरा गांव के ग्रामीणों को तत्काल सतर्क किया।

पुलिस की अपील पर ग्रामीणों ने अदम्य साहस दिखाते हुए बदमाशों का रास्ता रोकने के लिए बीच सड़क पर ट्रैक्टर खड़े कर दिए। खुद को घिरता देख बदमाशों ने थार को कच्चे रास्तों और स्कूल के समीप से भगाने का दुस्साहस किया, लेकिन आगे तालाब की पाल होने के कारण गाड़ी वहां बुरी तरह फंस गई। जैसे ही थार फंसी, उसमें सवार तीनों बदमाश हाथों में बंदूकें लहराते हुए जंगल की ओर दौड़ पड़े। घनी झाड़ियों और रात के अंधेरे का लाभ उठाकर आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बच निकलने में सफल रहे।

पुलिस ने मौके से लावारिस थार को जब्त कर जब तलाशी ली, तो उसमें से 02 जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिसके पश्चात आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। चूंकि गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं थी, इसलिए थाना प्रभारी पूरणमल मीणा के नेतृत्व में पुलिस ने इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर तकनीकी जांच को आगे बढ़ाया। कड़ियों से कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस आखिरकार ग्वालियर निवासी राधे उर्फ अमित परिहार तक पहुँच गई और उसे दबोच लिया। वर्तमान में पुलिस गिरफ्तार आरोपी से उसके फरार साथियों और अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क के संबंध में सघन पूछताछ कर रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story