भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र स्थित गेहूँली गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने एक 91 वर्षीय बेबस एवं दिव्यांग रिटायर्ड शिक्षक के सूने घर से हुई 45 लाख रुपये की बड़ी चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। इस शातिर चोरी को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने 'खजाने' को कहीं दूर ले जाने के बजाय अपने ही घर के फर्श के नीचे गाड़ दिया था, जिसमें अपराधी का पूरा परिवार बराबर का साझीदार बना।

वारदात का शिकार हुए बुजुर्ग रायमल त्रिपाठी शारीरिक रूप से चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हैं और बदमाशों ने उनकी इसी लाचारी का फायदा उठाते हुए 11 फरवरी की काली रात को इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और बड़ी शातिरता से अलमारी की चाबियां ढूंढकर बिना किसी शोर-शराबे के 162.5 ग्राम सोना और करीब 8 किलो चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिला स्पेशल टीम और कोटड़ी पुलिस ने जब संदिग्ध शिवलाल उर्फ शिवराज और शंकर लाल गुर्जर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो रोंगटे खड़े कर देने वाला सच सामने आया। मुख्य आरोपी शिवलाल ने चोरी के जेवरात को अपने ही घर के अंदर जमीन खोदकर दफन कर दिया था। इस काली कमाई को छुपाने के अपराध में उसके पिता नाथू लाल, मां बाली देवी और पत्नी लीलादेवी ने न केवल सहयोग किया, बल्कि इस राज को राज बनाए रखा।

आरोपियों की निशानदेही पर जब पुलिस ने शिवलाल के घर की तलाशी ली, तो जमीन के नीचे से करीब 25 लाख रुपये कीमत का 162.5 ग्राम सोना और लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की 7.969 किलोग्राम चांदी बरामद हुई। पुलिस ने शत-प्रतिशत माल बरामद कर अपराधियों के मंसूबों को नाकाम कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवलाल उर्फ शिवराज (28) और शंकर लाल (55) को चोरी के जुर्म में गिरफ्तार किया है, वहीं चोरी का माल छुपाने और वारदात में सहयोग करने के आरोप में शिवलाल के पिता नाथूलाल (52), मां बाली (50) और पत्नी लीला (27) को भी सलाखों के पीछे भेज दिया है। वर्तमान में पूरा परिवार अपनी करतूतों के कारण जेल की काल कोठरी में बंद है, जो समाज में बढ़ती अनैतिकता और अपराध के खौफनाक स्वरूप को दर्शाता है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story