भीलवाड़ा: गौवंश से अप्राकृतिक कृत्य करने वाला 20 हजार का इनामी बिहार से गिरफ्तार
पुलिस ने 1500 सीसीटीवी कैमरों की मदद से 2000 किमी पीछा कर आरोपी संजय कुमार साहु को किशनगंज से पकड़ा, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुआ था मामला।

भीलवाड़ा। शहर में गौवंश के साथ अप्राकृतिक कृत्य कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाले शातिर अपराधी को भीलवाड़ा पुलिस ने करीब 2 हजार किलोमीटर का पीछा कर बिहार के किशनगंज (बांग्लादेश बॉर्डर) से दबोच लाई, जिसे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि इस आरोपी पर पुलिस अधीक्षक ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मचा था हड़कंप
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि "29 मार्च 2026 को शिवराज गुर्जर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी थी कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति गाय के साथ कुकर्म करता दिखाई दे रहा है।" इस घटना से हिंदू समाज में भारी रोष व्याप्त हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन और वृत्ताधिकारी सज्जन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया।
1500 कैमरों की फुटेज और 2 हजार किलोमीटर का सफर
अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर रेलवे स्टेशन और शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों के करीब 1500 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि आरोपी ट्रेन के जरिए भीलवाड़ा आता है और वारदात कर पुन: ट्रेन से निकल जाता है। पुलिस ने राजस्थान से लेकर उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार तक के रेलवे स्टेशनों के फुटेज चेक किए और करीब 2 हजार किलोमीटर का सफर तय कर आरोपी तक पहुँची।
किशनगंज रेलवे स्टेशन से दबोचा गया शातिर अपराधी
आखिरकार तकनीकी आसूचना और आरपीएफ के सहयोग से झारखंड के पूर्वीसिंहभूमि के कदमा थाने के शात्रीनगर निवासी संजय कुमार साहु 56 पुत्र मोती साहु को किशनगंज (बिहार) रेलवे स्टेशन से डिटेन किया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी संजय कुमार साहु पूर्व में भीलवाड़ा के ही भीमगंज थाना क्षेत्र में भी गाय के साथ इसी तरह का घिनौना कृत्य कर चुका है। आरोपी को अब भीलवाड़ा लाया गया है, जहाँ उसे गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई में इन पुलिस अधिकारियों की रही मुख्य भूमिका
इस चुनौतीपूर्ण कार्रवाई में कोतवाली थानाधिकारी शिवराज गुर्जर, सुनील कुमार चौधरी, आरपीएफ किशनगंज के उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार, भीमगंज थाने के एएसआई सीताराम और विशेष रूप से कांस्टेबल ओम सिंह व शंभूलाल की अहम भूमिका रही।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
