भीलवाड़ा में पुलिस का बड़ा एरिया डोमिनेशन अभियान, 457 ठिकानों पर दबिश देकर 329 आरोपी गिरफ्तार
भीलवाड़ा पुलिस ने एरिया डोमिनेशन अभियान में 118 टीमों के साथ 457 ठिकानों पर दबिश देकर 329 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जानिए कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट।

भीलवाड़ा जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए गए एक दिवसीय विशेष 'एरिया डोमिनेशन' अभियान में पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 329 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिलेभर में एक साथ हुई इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया।
एएसपी मुख्यालय राजेश आर्य ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में 118 विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में कुल 469 पुलिस कार्मिकों को शामिल किया गया, जिन्होंने एक साथ कार्रवाई करते हुए अपराधियों के 457 संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। अभियान का उद्देश्य वांछित और आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत करना था।
पुलिस कप्तान ने बताया कि अभियान के दौरान हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर और इनामी श्रेणी के 30 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और डकैती जैसे जघन्य मामलों में वांछित 03 अपराधियों को भी पुलिस ने दबोच लिया। आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और आबकारी एक्ट के तहत गंभीर अपराधों में वांछित 05 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि विभिन्न सामान्य मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 10 आरोपियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
न्यायालय द्वारा जारी वारंटों की तामीली के दौरान पुलिस ने स्थाई वारंटी, उद्घोषित अपराधी, गिरफ्तारी वारंट तथा धारा 299 द.प्र.सं. (335 BNSS) के तहत कुल 166 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा। वहीं क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले 105 असामाजिक तत्वों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। अवैध हथियार रखने के मामले में 01 प्रकरण दर्ज किया गया। अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ 09 मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान 26 लीटर अवैध देसी एवं विदेशी शराब जब्त की गई, जबकि शराब बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई 8275 लीटर वॉश को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
एएसपी राजेश ने कहा, "जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय पैदा करने के लिए भीलवाड़ा पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। क्षेत्र की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" इस कार्रवाई के जरिए भीलवाड़ा पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वांछित अपराधियों, असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
