भीलवाड़ा जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र के माधोपुरा गांव में एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शादी समारोह की चहल-पहल के बीच हुई एक छोटी सी लापरवाही ने चार परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। संदिग्ध जहरीले पदार्थ के सेवन से चार लोगों की मौत हो गई। इनमें से तीन ने गंगापुर व एक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ा। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है और हर आंख नम है।


घटना की शुरुआत: शादी से उठाई गई थीं बोतलें

13 फरवरी 2026 को श्रीमती झुमा देवी पत्नी मुकेश कजर निवासी माधोपुरा ने गंगापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि:

  • वह, श्रीमती सीता देवी, श्रीमती बदामी देवी, श्रीमती सुशीला देवी उर्फ सुला और श्रीमती जमनी देवी 9 और 10 फरवरी को आलोली निवासी शैतान सिंह पुत्र भग्गूसिंह के यहां आयोजित शादी समारोह में बर्तन साफ करने का काम करने गई थीं।
  • 10 फरवरी को इन पांचों ने शादी के टेंट में रखी पानी जैसी दिखने वाली चार प्लास्टिक की बोतलें बिना किसी को बताए अपने साथ ले लीं।
  • किसी को यह जानकारी नहीं थी कि उन बोतलों में क्या भरा है। बोतलों को परिवादिया की जेठानी सुशीला उर्फ सूला देवी के घर लाकर छिपा दिया गया।

एक भूल और बुझ गए चार चिराग

12 फरवरी को झुमा देवी किसी काम से गंगापुर चली गई थीं। इसी दौरान माधोपुरा निवासी सुशीला देवी उर्फ सुला (48) पत्नी रतन कंजर, बदामी देवी पत्नी जानकीलाल कंजर, जमनी देवी पत्नी शंकर कंजर और रतन पुत्र मसरिया कंजर ने उन बोतलों में भरे तरल पदार्थ को शराब समझकर पी लिया। कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। तेज उल्टियां और बेचैनी शुरू हो गई।

घबराए परिजन उन्हें तुरंत सीएचसी गंगापुर लेकर पहुंचे, लेकिन वहां जमनी बाई, सुशीला देवी और रतन कंजर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बदामी देवी को गंभीर हालत में महात्मा गांधी अस्पताल भीलवाड़ा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।


जांच और मौत का संभावित कारण

प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि शादी समारोह में खाना गर्म रखने के लिए उपयोग किए जाने वाले मैथनॉल कार्बनिक सॉल्ट को शराब समझकर पी लिया गया। यही जहरीला पदार्थ चारों की मौत का कारण बना।

  • पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए हैं।
  • मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
  • प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस का कहना है कि विस्तृत अनुसंधान के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

प्रशासनिक कार्रवाई और पोस्टमार्टम

गंगापुर पुलिस ने तीन शवों का गंगापुर अस्पताल व एक का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा दिया। पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद ये चारों शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस अब इन मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत छानबीन कर रही है।

माधोपुरा गांव में चार मौतों के बाद शोक की लहर है। जिन घरों में कुछ दिन पहले तक शादी की चर्चा थी, वहां अब सिसकियां सुनाई दे रही हैं। यह घटना न केवल एक परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है कि अज्ञानता और असावधानी कितनी बड़ी त्रासदी बन सकती है।


दुकान पर दबिश और अधिकारियों का दौरा

माधोपुर की तीन महिलाओं व एक युवक की मौत की खबर ने प्रशासन के साथ ही आबकारी महकमे में हडकंप मचा दिया। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। इस घटना को लेकर जिम्मेदार महकमे अलर्ट मोड पर हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए गंगापुर पुलिस की एक विशेष टीम ने शहर के लक्ष्मी नारायण मंदिर रोड स्थित एक दुकान पर पहुंच कर बारीकी से छानबीन की। प्रारंभिक पड़ताल में यह बात सामने आई है कि संभवत: मौत की वजह बना मैथनॉल युक्त फ्यूल इसी दुकान से खरीदा गया था। पुलिस दुकान संचालक से पूछताछ कर रही है और स्टॉक के नमूनों की जांच की जा रही है।


चिकित्सकीय विशेषज्ञों का बयान

महात्मा गांधी हॉस्पिटल के डॉ. चेतनप्रकाश ने कहा कि:

"शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। मृतक के पेट में जहरीला लिक्विड मिला है, जो शराब या कोई केमिकल भी हो सकता है। शव का पोस्टमॉर्टम किया जा चुका है। मौत के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।"
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story