खेत पर चारा काट रहे 38 वर्षीय किसान को जहरीले कीड़े ने काटा, इलाज के दौरान मौत
भीलवाड़ा के डोडवानिया का खेड़ा में खेत पर चारा काट रहे 38 वर्षीय किसान को जहरीले कीड़े ने काट लिया, इलाज के दौरान मौत से मचा हड़कंप।

भीलवाड़ा जिले के रायला थाना क्षेत्र के डोडवानिया का खेड़ा गांव में खेत पर पशुओं के लिए घास काट रहे 38 वर्षीय किसान की जहरीले कीड़े के काटने से इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, हेमराज पुत्र भूरा तेली शुक्रवार शाम अपने खेत पर पशुओं के लिए चारा (घास) काटने गए थे। इसी दौरान अचानक किसी जहरीले कीड़े ने उन्हें काट लिया। कीड़े के काटते ही उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
हेमराज की चीख-पुकार और आवाज सुनकर खेत पर मौजूद उनके परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। तब तक हेमराज बेहोश हो चुके थे। परिजन बिना देर किए उन्हें भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां आपातकालीन कक्ष में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।
हालांकि, डॉक्टरों और परिजनों की तमाम कोशिशों के बावजूद हेमराज की जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
अचानक हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
