भीलवाड़ा: पीएम श्री स्कूल बापूनगर की बेटियों ने बोर्ड परीक्षा में रचा इतिहास
10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में छात्राओं ने लहराया सफलता का परचम, 58 छात्राएं गार्गी पुरस्कार और प्रोत्साहन योजना के लिए चयनित।

भीलवाड़ा। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बापूनगर (भीलवाड़ा) ने इस वर्ष राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। संस्था प्रधान सुनीता नाम कानू ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम अत्यंत गौरवशाली रहा है, जिसमें 12वीं विज्ञान और वाणिज्य संकाय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। वहीं कला संकाय में 94.06% और कक्षा दसवीं में 92.50% छात्राओं ने सफलता अर्जित कर विद्यालय और जिले का मान बढ़ाया है।
कक्षा 10वीं की परीक्षा में कुल 207 छात्राएं प्रविष्ट हुईं, जिनमें से 70 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी, 88 छात्राओं ने द्वितीय श्रेणी और 16 छात्राओं ने तृतीय श्रेणी प्राप्त की। मेधावी छात्राओं में जान्हवी जंगम पुत्री शिव चरण जंगम ने 92.50% अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि साक्षी प्रजापत पुत्री कालूराम प्रजापत ने 91.83% अंकों के साथ द्वितीय और रिद्धि शर्मा पुत्री प्रशांत शर्मा ने 90.33% अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया। विशेष उपलब्धि के रूप में विद्यालय की 18 छात्राओं ने 75% से अधिक अंक प्राप्त कर 'गार्गी पुरस्कार' के लिए अपनी पात्रता सिद्ध की है।
कक्षा 12वीं के तीनों संकायों में भी बेटियों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। विज्ञान संकाय में प्रविष्ट सभी 38 छात्राओं ने सफलता प्राप्त की, जिसमें से 37 प्रथम श्रेणी और 1 द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं। विज्ञान संकाय में प्रतिभा ने 94.60% अंकों के साथ प्रथम, निकिता वैष्णव ने 93.40% के साथ द्वितीय और नितीशा जंगम ने 92.60% अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया; यहाँ कुल 14 छात्राएं बालिका प्रोत्साहन हेतु चयनित हुई हैं। वाणिज्य संकाय में भी परिणाम 100% रहा, जहाँ 44 छात्राओं में से 40 प्रथम श्रेणी और 4 द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं। वाणिज्य में नन्दिनी धाकड़ ने 91.60% के साथ प्रथम, पायल वैष्णव ने 82.80% के साथ द्वितीय और आलिया खान ने 80.00% अंकों के साथ तीसरा स्थान पाया तथा 11 छात्राएं बालिका प्रोत्साहन हेतु चयनित की गईं। कला संकाय में प्रविष्ट 101 छात्राओं में से 46 ने प्रथम श्रेणी, 48 ने द्वितीय श्रेणी और 1 ने तृतीय श्रेणी प्राप्त की। कला वर्ग में जिया कुमारी कोरिया 90.60% के साथ प्रथम, दीपिका कुमारी एवं शीतल कंवर 88.60% के साथ संयुक्त रूप से द्वितीय और खुशनुमा बागवान 86.40% के साथ तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि 15 छात्राएं बालिका प्रोत्साहन हेतु चयनित हुईं।
समग्र रूप से कक्षा 10 और 12 को मिलाकर कुल 58 छात्राओं ने विशेष योग्यता अंक प्राप्त किए हैं, जिन्हें राज्य सरकार द्वारा गार्गी पुरस्कार व बालिका प्रोत्साहन योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में उच्चतम अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वार्ड के निवर्तमान पार्षद लव कुमार जोशी, एसडीएमसी सदस्य एडवोकेट लक्ष्मण सिंह राठौड़, लाडो सेवा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित रहकर सफल बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
