भीलवाड़ा विस्फोट: पिकअप वैन में धमाका, चालक की मौत
भीलवाड़ा के आगूंचा कस्बे में विस्फोटक से भरी पिकअप वैन में धमाके से चालक की मौत हो गई और एक दर्जन मकान क्षतिग्रस्त हो गए।

भीलवाड़ा जिले के आगूंचा कस्बे में सोमवार सुबह करीब 11:15 बजे विस्फोटक से भरी पिकअप वैन में हुए भीषण धमाके से इलाके में दहशत फैल गई। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि वैन के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। धमाके से करीब 150 मीटर के दायरे में स्थित एक दर्जन से अधिक मकानों की दीवारें हिल गईं, शीशे टूट गए और कई घरों में गहरी दरारें आ गईं। घटना के बाद पूरे कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर के अनुसार, आगूंचा निवासी रामदेव पुत्र हीरालाल खटीक के नोहरे (बाड़े) में विस्फोटक से भरी पिकअप वैन खड़ी की गई थी। वैन के आगूंचा पहुंचने के करीब 15 मिनट बाद ही उसमें जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि पिकअप वैन के केवल लोहे के छोटे-छोटे टुकड़े ही बचे।
हादसे में वाहन चालक आत्माराम गुर्जर (40) पुत्र हंसराम गुर्जर निवासी बगावड़ा, जिला सवाई माधोपुर की मौके पर ही मौत हो गई। धमाके की चपेट में आने से आसपास के अन्य लोग बाल-बाल बच गए। विस्फोट की तीव्रता के कारण आसपास के मकानों को भी व्यापक नुकसान पहुंचा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आगूंचा से करीब पांच किलोमीटर दूर चैनपुरिया में रामदेव खटीक की विस्फोटक मैग्जीन यानी गोदाम है। इसी मैग्जीन से विस्फोटक सामग्री पिकअप वैन में लादकर आगूंचा के रिहायशी इलाके में स्थित नोहरे तक लाई गई थी। हालांकि, विस्फोटक सामग्री को वहां लाने का उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
घटना के बाद से मैग्जीन संचालक रामदेव खटीक भूमिगत है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस और प्रशासन इस बात की जांच कर रहे हैं कि विस्फोटक सामग्री को रिहायशी इलाके में किस उद्देश्य से लाया गया था और इसके भंडारण एवं परिवहन के लिए वैध लाइसेंस था या नहीं।
धमाके की सूचना मिलते ही आगूंचा चौकी प्रभारी और गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेरकर सील कर दिया गया, ताकि किसी अन्य अनहोनी को रोका जा सके। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने और विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
