भीलवाड़ा में भीम आर्मी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा में पेपर लीक और पुलिस कार्रवाई के विरोध में भीम आर्मी समेत कई संगठनों ने राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। जानिए क्या हैं इनकी प्रमुख मांगें।

तस्वीर में भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता भीलवाड़ा में पेपर लीक व पुलिस कार्रवाई के विरोध में तख्तियां और बैनर लेकर प्रदर्शन करते हुए नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर काल्पनिक है और एआई द्वारा केवल संदर्भ के लिए बनाई गई है।
भीलवाड़ा। देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही धांधली, लगातार पेपर लीक और अपनी न्यायसंगत मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे निर्दोष छात्रों पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में भीम आर्मी भारत एकता मिशन, संविधान बचाओं संघर्ष समिति, आजाद समाज पार्टी, डॉ. अम्बेडकर विचार मंच ने संयुक्त रूप से महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर, भीलवाड़ा को एक ज्ञापन प्रस्तुत किया। संगठन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से देश के करोड़ों युवाओं और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा तथा शिक्षा प्रणाली में पारदर्शी सुधार की पुरजोर मांग की है। ज्ञापन में प्रमुख मांगें - (1) तात्कालिक एवं दंडात्मक कार्रवाई में - पेपर लीक और परीक्षा घोटालों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें, आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले प्रत्येक छात्र के परिजन को 1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, संसद में पेपर लीक प्रकरण एवं छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर विस्तृत व निष्पक्ष चर्चा कराई जाए। छात्रों के विरुद्ध की गई दंडात्मक कार्रवाई तुरंत रद्द की जाए तथा शिक्षा माफिया एवं एन.टी.ए. पर प्रतिबंध लगाकर कठोर कार्रवाई की जाए। (2) पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच में - छात्राओं के साथ हुई अभद्र घटनाओं तथा पुलिस बल में सादी वर्दी में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सार्वजनिक कर जांच कराई जाए, प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर एक्सपायर्ड आंसू गैस के गोलों, पैलेट गन और कीलों वाली लाठियों के प्रयोग की निष्पक्ष जांच हो, भविष्य में सभी पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों के लिए वर्दी पर नाम (नेम प्लेट) अनिवार्य किया जाए। (3) शिक्षा एवं भर्ती प्रणाली में सुधार में - नीट यूजी जी मैन्स सहित सभी प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शी व सुरक्षित प्रणाली लागू हो, सभी सरकारी भर्ती व प्रवेश परीक्षाओं का आवेदन शुल्क पूरी तरह समाप्त किया जाए, महिला अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद में तथा पुरुष अभ्यर्थियों को उनके गृह या निकटतम जनपद में परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाएं, रिक्त पदों पर समयबद्ध भर्ती के लिए राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए तथा नॉर्मलाइजेशन प्रणाली को समाप्त कर स्कोर कार्ड जारी किया जाए। भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार द्वारा इन न्यायसंगत एवं संवैधानिक मांगों पर शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन द्वारा चरणबद्ध रूप से राज्य स्तरीय प्रदर्शन, जेल भरो आंदोलन तथा भारत बंद जैसे देशव्यापी लोकतांत्रिक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान ज्ञापन देने वालों में जिला संयोजक भीलवाड़ा के पंकज डीडवानिया, आजाद समाज पार्टी जिलाध्यक्ष हीरालाल बैरवा, समाजसेवी मोतीलाल सिंघानिया, प्रदेश सचिव सुरेश मेघवंशी, रामेश्वर मेघवंशी, भीम आर्मी जिला उपाध्यक्ष दुर्गा लाल बैरवा, मंजू रेगर, ओमप्रकाश रेगर, मनोहर लाल बैरवा, शंकर लाल मेघवंशी, सीताराम रेगर, मेघराज पेन्टर, सुरेश घुसर, महेन्द्र मेघवंशी, लालू बैरवा, सुनील मेघवंशी, रतन बैरवा, कमल बैरवा, विजयपाल रेगर, चिरंजीलाल रेगर, आकाश अटवाल, ओमप्रकाश खटीक, रामलाल मेघवंशी, ललित मीणा, लक्ष्मी रेगर, किरण वर्मा, जीवन ऐरवाल सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
