भीलवाड़ा, 10 अक्टूबर। पंचायत आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत भीलवाड़ा में चुनावी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए रिटर्निंग अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण शनिवार को नगर निगम सभागार में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस 580 रिटर्निंग अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की प्रक्रियाओं के साथ ईवीएम के माध्यम से चुनाव संपन्न कराने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण सत्र में रिटर्निंग अधिकारियों को पंच एवं सरपंच पदों के नामांकन कार्य, नामांकन पत्रों की समीक्षा, चुनाव चिह्न आवंटन, मतपत्र तैयार करने, मतदान और मतगणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव ईवीएम के माध्यम से संपन्न कराने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।

प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम का हैंड्स-ऑन और डेमो प्रदर्शन किया गया। मतपेटी के डेमो प्रदर्शन के माध्यम से भी चुनावी प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया गया, ताकि प्रशिक्षणार्थी निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों को सही ढंग से निभा सकें।

इस प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी श्री मोहम्मद ताहिर खान, उप महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक तथा सहायक प्रभारी अधिकारी श्री नारायण लाल जागेटिया, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, आसींद, श्री बसंत बोर्दिया एवं श्री रविकांत व्यास उपस्थित रहे। प्रशिक्षण देने वाले मास्टर ट्रेनर्स में श्री अटल बिहारी वैष्णव, श्री गोपाल कृष्ण बिरला, श्री विनोद कुमार शर्मा, श्री संतोष कुमार विश्नोई, श्री इकबाल मंसूरी, श्री विनीत कुमार शर्मा एवं श्री बालमुकुंद सुखवाल शामिल रहे।

इस दौरान सभी प्रशिक्षणार्थियों ने ईवीएम एवं मतपेटी के संचालन का प्रायोगिक और हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी प्रशिक्षणार्थियों ने चुनाव कार्य संपन्न कराने में सक्षम होने का प्रमाण-पत्र दिया।

प्रशिक्षण के बाद गूगल फॉर्म के माध्यम से परीक्षा आयोजित की गई। इसमें पांच प्रशिक्षणार्थियों को छोड़कर सभी ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। जिन पांच प्रशिक्षणार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त नहीं किए, उनकी शंकाओं के समाधान के लिए मास्टर ट्रेनर्स को दूरभाष के माध्यम से निर्देश दिए गए। इस तरह प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में निर्वाचन प्रक्रिया की सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक अभ्यास और मूल्यांकन भी किया गया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story