चोरी विवाद की पंचायत के बाद घर में घुसकर मारपीट, घबराए अधेड़ पप्पू बंजारा की मौत
भीलवाड़ा के जोधडास बंजारा बस्ती में चोरी विवाद की पंचायत के बाद मारपीट में 50 वर्षीय पप्पू बंजारा की मौत से हड़कंप मच गया।

भीलवाड़ा के जोधडास में चोरी के विवाद को लेकर हुई पंचायत के बाद एक वृद्ध की मौत के मामले में जांच करती गांधीनगर थाना पुलिस।
भीलवाड़ा। गांधीनगर थाना क्षेत्र के जोधडास स्थित बंजारा बस्ती में चोरी के पुराने विवाद को लेकर बुलाई गई समाज की पंचायत के बाद सोमवार अलसुबह हंगामा हो गया। आरोप है कि पंचायत में रकम की मांग को लेकर विवाद के बाद कुछ लोग घर में जबरन घुस गए और परिजनों के साथ झगड़ा व मारपीट की। इस दौरान धक्का-मुक्की से घबराए 50 वर्षीय पप्पू बंजारा अचेत होकर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। परिजनों ने मामले में हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक के पुत्र मुकेश बंजारा ने बताया कि उनके घर से 10 तोले सोना और 8 से 10 किलो चांदी चोरी हुई थी। इसी चोरी के मामले का निपटारा करने के लिए रविवार को समाज की पंचायत बैठी थी। आरोप है कि पंचायत के दौरान नारू बंजारा ने 1 लाख रुपये की मांग की। परिजनों ने 10-15 दिन की मोहलत मांगी, जिसके बाद 18 तारीख को दोबारा पंचायत रखी गई थी।
मुकेश का आरोप है कि सोमवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच नारू बंजारा अन्य लोगों को साथ लेकर उनके घर में जबरन घुस आया। आरोपियों ने परिजनों को पकड़ लिया और पप्पू बंजारा के साथ मारपीट व धक्का-मुक्की की। इससे पप्पू घबराकर अचेत होकर गिर पड़े और उनकी जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। थानाधिकारी पुष्पा कासोटिया ने बताया कि कंट्रोल रूम से जोधडास बंजारा बस्ती में झगड़े और एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अस्पताल पहुंचाया और आरोपी नारू बंजारा को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थानाधिकारी के अनुसार, मृतक पप्पू बंजारा और नारू बंजारा आपस में रिश्तेदार हैं और 6-7 महीने पुराने चोरी के मामले को लेकर इनके बीच यह विवाद हुआ था। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
