राजस्थान में नशे के काले कारोबार के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक और बड़ा ऑपरेशन अंजाम देते हुए भीलवाड़ा के निम्बाहेड़ा बायपास पर फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर एक लग्जरी महिन्द्रा एक्सयूवी को रुकवाया। गाड़ी की तलाशी के दौरान गुप्त खानों से 1.27 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार तस्कर रतन लाल और पारस नाथ को विश्वास था कि वे लग्जरी गाड़ी की आड़ में पुलिस की नजरों से बच निकलेंगे, लेकिन एएनटीएफ की सटीक मुखबिरी ने उनकी योजना को विफल कर दिया। पुलिस के रुकने के संकेत देते ही दोनों तस्कर दहशत में आ गए और उनकी घबराहट ने ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें करेड़ा थाने के देवथडी निवासी रतनलाल (30), पुत्र भैरूलाल गुर्जर, और पारस (40), पुत्र गोकुलनाथ योगी शामिल हैं। इस ऑपरेशन में एएनटीएफ की भीलवाड़ा चौकी के सहायक उप निरीक्षक आयुब खां सहित पूरी टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।

पुलिस ने जब्त गाड़ी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और अब इस पूरे नेटवर्क के ‘किंगपिन’ तक पहुंचने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी गई है। इस सफलता के बाद स्थानीय पुलिस और एएनटीएफ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और “नशा बेचोगे तो सीधा जेल जाओगे” का संदेश दोहराया गया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story